4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पटना, Jun 03, 2026

रिजल्ट से शुरू हुआ विवाद, फायरिंग के दावे तक पहुंची लड़ाई, क्या है खान सर-ज्ञान बिंदु विवाद की पूरी कहानी

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के रिजल्ट के बाद खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच पुराना विवाद फिर उभर आया। खान सर ने पहले अपने संस्थान पर फायरिंग और पथराव का आरोप लगाया, लेकिन बाद में फायरिंग के दावे से पीछे हट गए। वहीं, ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने इसे साजिश बताया।

khan sir- gyan bindu coaching

रौशन आनंद सर और खान सर

खान सर के कोचिंग संस्थान पर मंगलवार रात कथित फायरिंग की सूचना सामने आते ही पटना पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। आनन-फानन में शहर के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पत्रकारों से बातचीत में खान सर ने आरोप लगाया था कि उनके कोचिंग संस्थान पर 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। उन्होंने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक और उनके समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि कोचिंग की सुरक्षा में तैनात गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही संस्थान में तोड़फोड़ भी की गई। खान सर ने यह भी दावा किया था कि जाते समय हमलावरों ने कोचिंग को बम से उड़ाने की धमकी दी।

फायरिंग नहीं हुई तो दावा क्यों?

हालांकि, घटना के कुछ ही घंटों बाद उनका रुख बदल गया। घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने से पहले ही उन्होंने फायरिंग की बात से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में भी फायरिंग का कोई उल्लेख नहीं किया गया। खान सर के अपने ही बयान से पीछे हटने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि यदि फायरिंग नहीं हुई थी, तो उन्होंने शुरुआत में फायरिंग का दावा क्यों किया? आखिर इसके पीछे क्या वजह थी?

पोस्टर से भड़का कोचिंग विवाद

दरअसल, यह पूरा विवाद कोचिंग संस्थानों के बीच वर्षों से चली आ रही वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है। खान सर और पास स्थित एक अन्य कोचिंग संस्थान के बीच लंबे समय से प्रतिस्पर्धा और विवाद की स्थिति बनी हुई है। मंगलवार रात यह मामला तब तूल पकड़ गया, जब बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का परिणाम आने के बाद कथित तौर पर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड पर खान सर के सम्मान समारोह का पोस्टर चिपका दिया गया। इसके बाद दोनों संस्थानों के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया।

इसी दौरान खान सर के कोचिंग संस्थान को उड़ाने की धमकी दिए जाने की भी चर्चा सामने आई। इसके बाद मंगलवार रात संस्थान पर फायरिंग और पथराव के दावे किए गए। हालांकि, मामले को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कोचिंग रिजल्ट पर छिड़ी जंग

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के परिणाम को इस विवाद की मुख्य वजह माना जा रहा है। मंगलवार को 19,838 अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी हुआ। इसके बाद खान सर ने दावा किया कि सफल हुए उम्मीदवारों में करीब 12,000 उनके छात्र हैं। वहीं, ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके संस्थान के 10,000 छात्रों का चयन हुआ है। इन दावों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दोनों संस्थानों के बीच टकराव हो चुका है। खान सर और रौशन आनंद दोनों का कहना है कि उनके संस्थान के बेहतर प्रदर्शन के कारण यह विवाद पैदा हुआ। एक ओर खान सर इस मामले में फायरिंग और पथराव का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर रौशन आनंद इसे ज्ञान बिंदु कोचिंग और उनके खिलाफ रची गई साजिश बता रहे हैं।

रौशन आनंद ने खान सर और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक पर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों मिलकर उन्हें और ज्ञान बिंदु कोचिंग को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि आखिरकार सच की जीत होगी — 'सत्यमेव जयते'।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें