4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पटना, Jun 03, 2026

पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर गोलीबारी, सुरक्षाकर्मी घायल; CCTV में कैद हुए बदमाश

पटना के मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई फायरिंग में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

irna-israel war, khan sir coaching video, खान सर

खान सर (फोटो- Khan Sir Instagram)

पटना में चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र की है। पुलिस फिलहाल फायरिंग के कारणों और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

फायरिंग के पीछे कोचिंग संचालकों का हाथ

खान सर ने घटना के संबंध में बताया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम में उनके कोचिंग संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए थे। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के बाद सभी लोग घर लौट गए थे। इसी दौरान फायरिंग की सूचना मिली। उन्होंने कहा, "जब हम मौके पर पहुंचे तो पता चला कि सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।" फायरिंग के कारणों के बारे में पूछे जाने पर खान सर ने कहा कि इस घटना के पीछे आसपास के कुछ कोचिंग संचालकों की भूमिका हो सकती है। उनका कहना था कि वे नहीं चाहते कि छात्रों को कम फीस में शिक्षा मिले और इसी वजह से वे नाराज थे। खान सर ने कहा कि हालिया परीक्षा परिणाम में उनके संस्थान के छात्रों की बड़ी सफलता के बाद उनका आक्रोश और बढ़ गया होगा। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खान सर का दावा- बम से उड़ाने की धमकी मिली

पटना के सबसे चर्चित कोचिंग संस्थानों में खान सर का कोचिंग सेंटर भी शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं। खान सर के अनुसार, हमलावरों ने कोचिंग सेंटर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। 10 मई 2019 को अज्ञात बदमाशों ने कोचिंग संस्थान को निशाना बनाकर देसी बम से हमला किया था। उस हमले में संस्थान के कार्यालय के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था, जबकि बाहर खड़ी एक छात्र की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि, उस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। खान सर का दावा है कि इस बार भी हमलावर कोचिंग सेंटर को बम से उड़ाने की धमकी देकर गए हैं। इसके अलावा उन्होंने परिसर में तोड़फोड़ भी की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें