
चक्रवात मोंथा का खतरा बढ़ा (फाइल फोटो)
Cyclone Montha: बंगाल की खाड़ी में बना मोंथा चक्रवात अब तेजी से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह वर्तमान में समुद्र में सक्रिय है और 28 अक्टूबर की शाम या रात तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट पर दस्तक देगा। इसके बाद, यह धीरे-धीरे कमजोर होकर छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ेगा। 29 अक्टूबर से बिहार के कई जिलों में इसका असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है।
28 अक्टूबर को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव के शुरुआती संकेत दिखाई दे रहे हैं। उत्तर बिहार के जिलों (मोतिहारी, दरभंगा, सीतामढ़ी और सुपौल) में हल्के बादल छाए रहेंगे और ठंडी हवाएं चलेंगी। पटना, गया और भागलपुर में सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं और दोपहर बाद छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पटना का अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 22°C रहने का अनुमान है, जबकि गया का अधिकतम तापमान 30°C रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, आज बहुत ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मोंथा के प्रभाव से हवा में नमी बढ़ रही है, जिससे वातावरण भारी और आर्द्र हो रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार में मोंथा का असली असर 29 से 31 अक्टूबर के बीच महसूस किया जाएगा। 29 अक्टूबर को कैमूर, गया, शेखपुरा, नवादा, औरंगाबाद और रोहतास में भारी बारिश की संभावना है। 30 अक्टूबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, बांका और जमुई में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसी तरह, 31 अक्टूबर को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा और शिवहर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच, पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और मुंगेर में मध्यम से भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात मोंथा के प्रभाव से बिहार में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज के साथ बारिश की भी संभावना है। विभाग ने लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
मोंथा के प्रभाव के कारण, अगले कुछ दिनों में बिहार में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि छठ पूजा के बाद ठंड और बढ़ेगी और नवंबर के पहले सप्ताह तक सुबह और शाम को ठंड का एहसास होने लगेगा।
आईएमडी के नवीनतम अपडेट के अनुसार, चक्रवात मोंथा वर्तमान में चेन्नई से लगभग 420 किलोमीटर पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 450 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और विशाखापत्तनम से 500 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में केंद्रित है। यह लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और आज शाम तक एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। तूफान की अधिकतम गति 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है, और बाद में धीरे-धीरे कम हो जाएगी।
Updated on:
28 Oct 2025 12:42 pm
Published on:
28 Oct 2025 10:04 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
मौसम समाचार

