
एआई जनरेटेड
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ तहसील के लोलस गांव में सोमवार की दोपहर ठाकुर बाबा मंदिर में आयोजित कन्या भोज के दौरान अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक कार्यक्रम स्थल पर हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना में 10 बच्चों सहित करीब 12 लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले से मंदिर परिसर में भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोलाश स्थित मंदिर परिसर में कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन चल रहा था। उसी दौरान बच्चे, बालिकाएं और महिलाएं श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड मंदिर परिसर में आ धमका और उपस्थित लोगों पर हमला बोल दिया।
मधुमक्खियों के डंक से कई बच्चे और महिलाएं घायल हो गए। कुछ बच्चों की हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए तत्काल उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायलों को पहले अजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर होने पर सभी घायलों को जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खियों के छत्तों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Published on:
16 Feb 2026 03:40 pm
बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
