15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में देवर ने भाभी के भाई को मारी गोली, पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष

MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में देवर ने भाभी के भाई को गोली मार दी।

2 min read
Google source verification

MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के कृष्णगढ़ में जमीनी विवाद को लेकर एक परिवार के बीच का तनाव खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया, फिर अगले दिन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कृष्णगढ़ निवासी सबीना अख्तर, पति स्वर्गीय अकरम खान, का अपने देवर अफजल खान उर्फ रानू से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पति की मृत्यु के बाद सबीना अख्तर को कथित रूप से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते वह कुछ समय से अपने मायके ग्राम ककरेहटी में रह रही थी।

बीते 14 जनवरी को सबीना अख्तर अपने बच्चों के साथ भाई मोहम्मद रईस के साथ कृष्णगढ़ स्थित अपने घर पहुंची। इसी दौरान अफजल खान ने यह कहकर अपमानित किया कि उसका वहां कोई अधिकार नहीं है और वह वापस चली जाए। इस बात को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके बाद सबीना अख्तर ने पवई थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इसी विवाद की कड़ी में गुरुवार को हालात और अधिक बिगड़ गए। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान आरोप है कि अफजल खान ने मोहम्मद रईस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अपने बचाव में मोहम्मद रईस द्वारा किए गए डंडे के वार से अफजल खान के सिर में चोट आई।

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से गोली से घायल मोहम्मद रईस को पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। कुछ देर बाद घायल अफजल खान को भी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे भी कटनी रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी भावना दांगी एवं थाना प्रभारी सुशील कुमार दलवल पुलिस बल के साथ पवई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों घटनाओं को आपस में जोड़ते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।