7 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Accident: 4 बहनों की शादी में आए चचेरे भाई की हादसे में मौत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का रिश्तेदार था युवक

Road Accident: मेडिकल कॉलेज के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जिससे शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं।

2 min read
Google source verification

पाली

image

Rakesh Mishra

Mar 07, 2026

Pali Road Accident, Medical College Pali Accident, Jayant Gehlot Death, Rajasthan Road Accident News, Pali District News Rajasthan, Car Accident Pali Rajasthan, Hemawas Village Pali, Wedding House Tragedy India, Rajasthan Highway Accident, BJP Leader Relative Accident, Pali Breaking News, Sad Accident Story Rajasthan, Family Wedding Turned Tragedy, Rajasthan Local News Update, Pali Crime and Accident News

मृतक जयंत गहलोत। फाइल फोटो- पत्रिका

पाली। शहर के मेडिकल कॉलेज के पास हुए हादसे में शनिवार को एक युवक की मौत हो गई। उसके परिवार में गूंज रही खुशी की शहनाई का स्वर मातम में बदल गया। मृतक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ व पाली विधायक भीमराज भाटी का रिश्तेदार था।

भीलवाड़ा में बिजनेस करने वाला हेमावास गांव निवासी जयंत गहलोत पुत्र सोहनलाल गहलोत (30) पाली के महावीर उद्योग नगर में रहने वाले अपने काका पुखराज गहलोत की चार बेटियों के विवाह समारोह में शामिल होने आया था। वह सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच कार लेकर महावीर उद्योग नगर से निकला।

हाईवे पर हादसा

मेडिकल कॉलेज के पास हाईवे पर हादसा हो गया। उसकी कार पलटकर खाई में जा गिरी, जिससे उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना पर सदर थाना पुलिस करीब 6:20 बजे बाद मौके पर पहुंची और युवक को बांगड़ चिकित्सालय लाई। हादसे का पता लगने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

बहनों को बैठाना था पाट

मृतक की चारों चचेरी बहनों का विवाह 11 मार्च को तय था। सभी बेटियों के पाट बैठाने की रस्म शनिवार को अदा की जानी थी, लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर घर में सन्नाटा पसर गया। परिजनों की आंखों से आंसू नहीं थमे। हेमावास गांव में भी मातम छा गया।

खेत पर गया था

युवक के परिजनों ने बताया कि युवक सुबह कार लेकर मेडिकल कॉलेज के पास खेत पर गया था। वहां से लौटते समय मेडिकल कॉलेज के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे कार पलटकर खाई में गिर गई।

मृतक की बहन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बेटे की पत्नी

जयंत गहलोत की बहन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पुत्र श्रीयुत राठौड़ की पत्नी है। वहीं मृतक के एक भाई का विवाह विधायक भीमराज भाटी के भाई योगेन्द्र भाटी की बेटी से हुआ है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भी अंतिम यात्रा में शामिल होने हेमावास पहुंचे।