
बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण के पीछे बढ़ती बेरोजगारी भी एक बड़ा कारण है। आजीविका चलाने के लिए कई लोग सड़कों और फुटपाथों पर जहां जगह मिलती है, वहीं सामान बेचने लगते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोगों की जागरूकता महत्वपूर्ण है। यदि कहीं अतिक्रमण हो तो नागरिक तुरंत प्रशासन को सूचना दें और प्रशासन भी समय पर कार्रवाई करे। साथ ही फुटपाथों पर सामान बेचने वालों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनका रोजगार भी बना रहे और बाजारों में व्यवस्था भी कायम रह सके। - निर्मला वशिष्ठ, राजगढ़ (अलवर)
बाजारों में अतिक्रमण रोकने के लिए दुकानों और मॉल के बाहर सामान रखने की एक निश्चित सीमा तय की जानी चाहिए। इसका उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। साथ ही दुकानदारों और ग्राहकों के वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था हो, ताकि सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग से जाम की स्थिति न बने। नगर निगम और स्थानीय पुलिस को नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाने चाहिए। नियमों के उल्लंघन पर कारण बताओ नोटिस देकर सख्त कार्रवाई की जाए। - प्रवेश भूतड़ा, सूरत
बाजारों में बढ़ता अतिक्रमण आम नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जों से पैदल चलना मुश्किल हो जाता है और कई बार यातायात भी प्रभावित होता है। खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी अव्यवस्था और भीड़ का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति से निपटने के लिए नगर प्रशासन को नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही छोटे दुकानदारों और ठेला-व्यवसायियों के लिए अलग वेंडिंग जोन बनाए जाएं, ताकि वे व्यवस्थित ढंग से अपना काम कर सकें और बाजारों में अनुशासन बना रहे। - डॉ. दीपिका झंवर, जयपुर
बाजारों में अतिक्रमण रोकने के लिए स्थानीय निकायों की निरंतर निगरानी आवश्यक है। जहां पक्के अतिक्रमण हैं, उन्हें हटाया जाना चाहिए। साथ ही दुकानदारों के साथ बैठक कर उन्हें नियमों की जानकारी दी जाए और अतिक्रमण न करने के लिए प्रेरित किया जाए। फुटपाथों पर अस्थायी अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया जा सकता है। प्रशासनिक सतर्कता और व्यापारियों के सहयोग से ही बाजारों में व्यवस्था कायम रखी जा सकती है। - ललित महालकरी, इंदौर
बाजारों में अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब नगर निगम के संबंधित अधिकारियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की जाए और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगे। पुलिस और नगर निगम को संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण और कार्रवाई करनी चाहिए। अतिक्रमण करने वालों पर सख्त जुर्माने का प्रावधान हो। साथ ही, लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाए जाएं, ताकि सार्वजनिक स्थानों का उपयोग नियमों के अनुसार हो सके। - शिवजी लाल मीना, जयपुर
बाजारों में अतिक्रमण रोकने के लिए नगर निकायों को नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। फुटपाथों और सड़कों पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। व्यापारियों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन छोटे व्यापारियों को स्थान की समस्या है, उनके लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और बाजारों में व्यवस्था बनी रहे। - कुशाग्र स्वामी, झालावाड़
बाजारों में अतिक्रमण से निजात पाने के लिए स्पष्ट और कठोर नियम बनाए जाने चाहिए। दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों की भी जिम्मेदारी है कि वे सार्वजनिक स्थानों को साफ रखें और अनावश्यक अतिक्रमण को बढ़ावा न दें। यदि सभी लोग नियमों का पालन करें और स्वच्छता व व्यवस्था का ध्यान रखें, तो बाजारों में अव्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। - हमीर लवारन, जोधपुर
बाजारों और कॉलोनियों में अतिक्रमण रोकने के लिए सड़कों की सही नाप-जोख कर सीमाएं स्पष्ट की जानी चाहिए। व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था हो और आवासीय क्षेत्रों में भी अवैध कब्जे हटाए जाएं। फुटकर व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं और ठेला-रिक्शा वालों के लिए निर्धारित स्थान तय किए जाएं, ताकि सड़कें बाधित न हों। इसके लिए नगर निगम, नगर परिषद और अन्य विभागों की संयुक्त विशेष टीम बनाई जाए। साथ ही फुटकर व्यापार संघ गठित कर व्यापारियों के हितों और व्यवस्था दोनों का संतुलन बनाए रखा जा सकता है। - मुकेश सोनी, जयपुर
Published on:
10 Mar 2026 02:44 pm
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन
ट्रेंडिंग
