Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सावधान! खतरे के निशान को पार कर गई यमुना, बाढ़ के चलते निचले इलाके खाली करने के आदेश

Yamuna River Flood: एक ओर हथिनी कुंड और वजीराबाद बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश की चेतावनी भी जारी की है। ऐसे में निचले इलाकों को खाली करने का आदेश दिया गया है।

2 min read
Yamuna river flood heavy rain warning in Delhi NCR order to evacuate low lying areas in Delhi

यमुना नदी का तेजी से बढ़ रहा जलस्तर।

Yamuna River Flood: दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और सोमवार को यह खतरे के निशान को पार कर गया। स्थिति गंभीर होने पर निचले इलाकों को खाली कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यमुना का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर तय है, जबकि खतरे का स्तर 205.33 मीटर माना जाता है। यदि जलस्तर 206 मीटर तक पहुंचता है तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी जाती है। सोमवार को नदी का जलस्तर 205.36 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से ऊपर है। सोमवार को पुराने रेलवे ब्रिज पर सुबह सात बजे जलस्तर 204.80 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि रविवार शाम को यह 204.60 मीटर के आसपास था। पुराना रेलवे ब्रिज यमुना नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों की निगरानी के लिए अहम बिंदु माना जाता है।

क्यों बढ़ रहा है जलस्तर?

अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों के मुताबिक, यमुना के जलस्तर में वृद्धि का सबसे बड़ा कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से लगातार छोड़ा जा रहा भारी मात्रा में पानी है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज से इस समय लगभग 58,282 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जो इस मौसम का सबसे अधिक आंकड़ा है। वहीं वजीराबाद बैराज से हर घंटे करीब 36,170 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सामान्यत: इन बैराजों से छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंचने में 48 से 50 घंटे लेता है। ऐसे में ऊपरी इलाकों से छोड़े गए पानी की थोड़ी-सी मात्रा भी राजधानी में जलस्तर बढ़ाने का कारण बन रही है।

अब जानिए दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में लगातार रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.7 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता का स्तर 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी बीच, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है और मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने आने वाले सात दिनों का पूर्वानुमान भी साझा किया है।

मंगलवार को दिल्ली एनसीआर में आंधी तूफान के साथ बारिश

पूर्वानुमान के अनुसार, 19 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में एक से दो डिग्री की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। 20 और 21 अगस्त को भी आंधी और बरसात के आसार बने रहेंगे, जब अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है।

23 अगस्त को बादल फिर झमाझम बारिश की संभावना

22 अगस्त को आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं और उसके बाद झमाझम बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रह सकता है। वहीं, 23 और 24 अगस्त को भी बारिश और तूफान का दौर जारी रहने का अनुमान है। इन दिनों अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।