8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Weather Forecast: 19 जनवरी को दस्तक देगा नया पश्चिमी विक्षोभ, एनसीआर में बारिश पर बड़ा अपडेट

Weather Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 19 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बादलों की आवाजाही के साथ बड़ा बदलाव दिखेगा।

3 min read
Google source verification
Weather Forecast new western disturbance expected on 19 January imd yellow alert in Delhi-NCR

मौसम अलर्ट

Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने सितम ढा रखा है। मौसम का प्रभाव कुछ ऐसा है कि दिल्ली में सुबह-शाम कोहरे से जहां विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है, वहीं प्रदूषण के चलते लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है ‌कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अब दिल्ली-एनसीआर में मौसम के रुख में बदलाव दिखेगा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो शुक्रवार को दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में छिटपुट बादल भी छाए रहे। इससे दिन में निकलने वाली धूप की तीव्रता में कमी दर्ज की गई, जिससे दिन में भी लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग की मानें तो 22 जनवरी तक यानी अगले पांच दिन दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान हवा की रफ्तार भी बेहद धीमी दर्ज की जाएगी, जिससे प्रदूषण की समस्या बढ़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 22 जनवरी को एनसीआर के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी

IMD विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे यानी शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दिन के समय आसमान में हल्के बादल भी छाए रहेंगे। यह कोहरे का प्रभाव दुगना करेंगे और प्रदूषण को बढ़ावा देंगे। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। दूसरी ओर मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक नया पश्चिमी 17 से 21 जनवरी के बीच एक्टिव हो रहा है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर में भी दिखाई देगा। यानी इस बीच दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके चलते दिन में भी हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 17 जनवरी से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इस दिन न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

18 से 22 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम?

बात अगर 18 से 22 जनवरी के मौसम की करें तो दिल्ली-एनसीआर के तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री और 19-20 जनवरी को 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है। इन्हीं दिनों में दोपहर के दौरान हवा की रफ्तार बेहद धीमी रहने से प्रदूषण एक बार फिर पांव पसार सकता है। IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 17-22 जनवरी के बीच हवा की रफ्तार 5-8 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 22 जनवरी को दिल्ली में बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। एनसीआर के इलाकों में भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहने का अनुमान जताया गया है। यह पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश करवा सकता है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना न के बराबर है। हालांकि इस दौरान बादल छाने के चलते दिन में भी कोहरा छाने की प्रबल संभावना है।