
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा नेअसदुद्दीन ओवैसी को दी चेतावनी
Kapil Mishra Owaisi clash: हाल ही में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने एक ऐसा बयान दिया, जिस पर रेखा सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने अब प्रतिक्रिया देते हुए उन पर सीधा हमला किया है, जो राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान और भारत के संविधान की तुलना करते हुए कहा था कि एक दिन हिजाब पहनने वाली महिला भी भारत की प्रधानमंत्री बनेगी। दरअसल, रविवार को कपिल मिश्रा बीजेपी के उम्मीदवार जगदीश्वरी अमिन के समर्थन के सिलसिले में मुंबई में थे। वहां उन्होंने ओवैसी को खरी खोटी सुनाने के साथ-साथ महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा है। खास बात यह है कि यह बयानबाजी उस समय हो रही है, जब मुंबई में 15 जनवरी को नगर निगम चुनाव होने वाले हैं, जिससे वहां का सियासी पारा और गर्म हो गया है।
असदुद्दीन ओवैसी ने हाल ही में महाराष्ट्र के सोलापुर में एक चुनावी रैली में कहा कि पाकिस्तान का संविधान सिर्फ एक ही समुदाय के व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनने का अधिकार देता है, लेकिन डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान सभी नागरिकों को बराबर अधिकार देता है। इसी के चलते उन्होंने अपना सपना बताया कि एक दिन भारत के प्रधानमंत्री पद पर हिजाब पहनने वाली महिला होगी। साथ ही उन्होंने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मुसलमानों के खिलाफ जो नफरत फैलायी जा रही है, वह ज्यादा दिनों तक टिकेगी नहीं और सच्चाई लोगों के सामने आकर ही रहेगी। साथ ही उन्होंने हाल ही में दिल्ली में हुई बुलडोजर कार्रवाई के समय हुई घटना को लेकर भी मौजूदा व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास वक्फ की संपत्ति का हिस्सा गिरा गया है।
ओवैसी के इस बयान पर रविवार को कपिल मिश्रा भड़क उठे। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैं ओवैसी से एक बात कहना चाहता हूं कि पहले महिलाओं को अपने घर से बाहर निकलने दें और उन्हें पढ़ने की आजादी दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि मुस्लिम समाज में महिलाओं को ट्रिपल तालाक और हलाला जैसी प्रथाओं में उलझा कर रखा है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अगर महिलाओं की आंखें खुल गईं तो यहां के हालात ईरान जैसे हो जाएंगे और यह स्थिति ओवैसी के लिए मुश्किल भरी हो सकती है और एक दिन ओवैसी को ही बुर्का पहनकर भागना पड़ेगा।
कपिल मिश्रा ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भी आड़े हाथों लिया। कपिल ने उनको चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह किसी सभा में ‘जय श्री राम’ कहकर दिखाएं। उन्होंने उन पर तंज कसते हुए कहा कि आजकल उद्धव ठाकरे हरे झंडों के बीच में भाषण देते हुए नजर आ रहे हैं। उन्हें जब तक भगवा रंग की याद आएगी तब तक हालात हाथ से निकल चुके होंगे।
ईरान में पिछले दो हफ्तों में विरोध प्रदर्शन जारी है। ये प्रदर्शन इस्लामिक शासन और महिलाओं पर लगाए गए कड़े नियमों के खिलाफ हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर बहुत सी वीडियो सामने आई हैं, जिनमें महिलाएं हिजाब को हटाकर जलाते हुए नजर आ रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन विरोध प्रदर्शन के चक्कर में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिका भी ईरान के हालातों पर नजर बनाए हुए है।
Updated on:
12 Jan 2026 01:03 pm
Published on:
12 Jan 2026 01:02 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
