Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अगले 120 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, बंगाल की खाड़ी में बना नया चक्रवात, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

IMD Alert: मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में मछुआरों को अगले पांच दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय जिलों में भूस्खलन, जलभराव और तेज़ हवाओं का खतरा बना रहेगा। स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।

3 min read
Google source verification
IMD Weather Forecast Cyclone in Bay of Bengal heavy rain warning next 7 days IMD alert

मौसम अपडेट। (प्रतीकात्मक फोटो)

IMD Alert: भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों के लिए देशभर का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में दो सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के आसार हैं। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, केरल, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर एक अवदाब (Depression) बना हुआ है, जबकि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना एक अन्य अवदाब 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर दिशा में बढ़ते हुए दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी को प्रभावित करेगी। इससे दक्षिणी और पूर्वी भारत में बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ने की संभावना है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में लगातार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 27 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश (21 सेमी से अधिक) की चेतावनी दी है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 30 अक्टूबर तक तेज बारिश के आसार हैं, जबकि रायलसीमा में 29 अक्टूबर के बीच भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा तेलंगाना में 27 से 29 अक्टूबर के बीच बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी।

इन इलाकों में पांच दिनों तक तेज हवाएं चलने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पूर्वी और मध्य भारत पर चक्रवात का असर दिखाई देगा। इसका सबसे ज्यादा असर ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार पर देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले चार दिनों तक ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। जबकि छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश और झारखंड में 29 और 30 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं। वहीं बात अगर गंगा के मैदानी क्षेत्र पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम की करें तो यहां भी 28 से 31 अक्टूबर तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा।

इन राज्यों में बिजली गिरने की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ताजा मौसम प्रणाली के चलते पश्चिम भारत में फिर से बादल बरसेंगे। इसके तहत कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र में 28 अक्टूबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं सौराष्ट्र क्षेत्र में भी भारी बारिश के चलते मौसम में बदलाव जारी रहेगा। इसके अलावा 27 और 28 अक्टूबर को दक्षिण महाराष्ट्र और गोवा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही अगले चार दिनों तक इन इलाकों में बिजली कड़कने और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी।

उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की बारिश और ठंडक

पूर्वी और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में 28 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश के चलते ठंड की दस्तक भी हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले एक-दो दिन बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। 29 अक्टूबर के बाद इन इलाकों में हल्की ठंडक और कोहरा बढ़ने के संकेत हैं। बात अगर पूर्वोत्तर भारत की करें तो मौसम विभाग ने यहां 29 अक्टूबर के बाद बारिश की संभावना बताई है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश तेज होगी। अरुणाचल प्रदेश में 30 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

आने वाले चार दिनों में कहां कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के लेटेस्ट पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी से सक्रिय चक्रवात के कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। जबकि पश्चिम बंगाल और बिहार में बादल छाए रहने के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं 29 अक्टूबर को दक्षिण ओडिशा, छत्तीसगढ़ और रायलसीमा में बहुत भारी बारिश की संभावना है। झारखंड, बिहार और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 अक्टूबर को पूर्वी भारत में बारिश का प्रभाव बढ़ेगा। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही पूरे उत्तर भारत में बादल और ठंडक का असर दिखेगा। बात अगर 31 अक्टूबर की करें तो इस दौरान चक्रवात कमजोर पड़ने लगेगा, लेकिन पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश और बिजली कड़कने की संभावना रहेगी। उत्तर भारत में मौसम शुष्क लेकिन ठंडा रहेगा।