
प्रतीकात्मक फोटो ( स्रोत Gemini )
Crime : ग्रेटर नोएडा में पार्टी के दौरान सिपाही की गर्लफ्रेंड और उसकी पत्नी में फोन पर विवाद हो गया। इसके बाद गर्लफ्रेंड ने सिपाही की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। इस घटना से सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। युवती की हालत काफी गंभीर है।
घटना ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित राधा स्काई गार्डन सोसाइटी की है। यहां पर दिल्ली पुलिस के सिपाही की लाइसेंसी पिस्टल से उसकी कथित गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार ली। खून से लथपथ 25 वर्षीय युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर ली है। सिपाही के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। दिल्ली पुलिस की ओर से सिपाही के शस्त्र लाइसेंस को रद्द किए जाने की रिपोर्ट भी प्रशासन को भेजी गई है।
यह घटना गुरुवार देर रात की है। एसीपी बिसरख के अनुसार स्काई गार्डन सोसाइटी में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। यहां दिल्ली पुलिस का एक सिपाही अपनी कथित गर्ल फ्रेंड के साथ रहता है। सिपाही का पिछले पांच साल से अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा है। तलाक की प्रक्रिया भी चल रही है। सिपाही यहां पिछले पांच सालों से 25 वर्षीय प्रिया के साथ रह रहा था। इन्ही के फ्लैट पर सिपाही आशीष के कुछ दोस्त आए हुए थे। सभी लोग पार्टी कर रहे थे। अचानक आशीष के फोन पर उसकी पत्नी की कॉल आ गई। प्रिया ने फोन रिसीव कर लिया। दोनों के बीच फोन पर विवाद होने लगा।
बताया जाता है कि सिपाही की पत्नी से फोन पर बात करने के बाद प्रिया ने सिपाही की लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि खून से लथपथ प्रिया जमीन पर पड़ी हुई थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे भर्ती तो कर लिया लेकिन प्रिया की हालत गंभीर बनी हुई है। वह वेंटीलेटर पर है। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है।
Published on:
06 Feb 2026 09:44 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
