16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तमिलनाडु बीजेपी चीफ ने एक्टर विजय की पत्नी से मांगी माफी, अपने बयान को बताया गलत

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अभिनेता विजय पर की गई विवादित टिप्पणी और तृषा का नाम घसीटने को लेकर खेद जताया। बयान के बाद राजनीतिक दलों ने इसे व्यक्तिगत और अनुचित हमला बताया।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Himadri Joshi

Feb 16, 2026

Tamil Nadu BJP chief apologizes to actor Vijay's wife

तमिलनाडु भाजपा प्रमुख ने अभिनेता विजय की पत्नी से माफी मांगी (फोटो- पत्रिका ग्राफिक्स)

तमिलनाडु की राजनीति में बयानबाजी को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। सत्तारूढ़ दलों और विपक्ष के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आरोप प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन (Nainar Nagendran) ने अभिनेता से नेता बने विजय पर की गई अपनी विवादित टिप्पणी के लिए माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि वह बयान गलती से दिया गया था और यदि किसी की भावना आहत हुई है तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं।

तृषा के घर से बाहर निकलें विजय - नागेंद्रन

रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान नागेंद्रन ने विजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि वह पहले तृषा के घर से बाहर निकलें, तभी राजनीति में कुछ कर पाएंगे। यह टिप्पणी उस समय आई जब विजय ने दावा किया था कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में एक प्रमुख चुनौती के रूप में उभरेगी। नागेंद्रन ने विजय को अनुभवहीन बताते हुए उनका मजाक उड़ाया और कहा कि जो व्यक्ति छत पर नहीं चढ़ सकता, वह आसमान छूने का सपना देख रहा है।

तृषा के कानूनी सलाहकार ने बयान जारी किया

इस बयान के बाद सियासी हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। द्रविड मुनेत्र कषगम (DMK) और कांग्रेस नेताओं ने इसे व्यक्तिगत और असंवेदनशील टिप्पणी करार दिया। कई नेताओं ने आरोप लगाया कि यह महिलाओं के प्रति अनादर को दर्शाता है और राजनीतिक बहस का स्तर गिराता है। बीजेपी अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय की पत्नी और अभिनेत्री तृषा कृष्णन की ओर से उनके कानूनी सलाहकार ने बयान जारी कर इस टिप्पणी की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तृषा पूरी तरह राजनीतिक रूप से तटस्थ हैं और उन्हें अपने पेशेवर कार्यों से ही पहचाना जाना चाहिए।

पहले बात पर अड़े रहे फिर मांगी माफी

बयान में कहा गया कि राज्य की राजनीति में उच्च पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसी असंगत और आपत्तिजनक टिप्पणी की उम्मीद नहीं थी। इस पूरे घटनाक्रम ने चुनावी माहौल में राजनीतिक शिष्टाचार पर बहस छेड़ दी है। जहां एक ओर भाजपा नेता ने पहले अपने बयान से पीछे हटने से इनकार किया था, वहीं सोमवार को उन्होंने कहा कि पार्टी की अखिल भारतीय महिला मोर्चा प्रमुख और राज्य नेतृत्व ने उनसे इस विषय पर बात की है। उन्होंने दोहराया कि यदि किसी को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।