15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: 23 अप्रैल को वोटिंग, 4 मई को रिजल्ट, क्या थलापति विजय बिगाड़ेंगे सियासी खेल?

चुनाव आयोग ने तमिलनाडु सहित इस साल 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को रिजल्ट आएगा।

3 min read
Google source verification
Thalapathy Vijay

थलापति विजय (Photo-Actor X)

Tamil Nadu Assembly Elections: चुनाव आयोग ने इस साल 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने 6 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों में होने वाले उपचुनाव की घोषणा की है। चुनाव आयोग की घोषणा के बाद तमिलनाडु के सबसे बड़े रण की शुरुआत हो गई है। चुनाव आयोग ने कहा कि तमिलनाडु में चुनावी मुकाबला एक ही चरण में होगा। राज्य की सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को रिजल्ट आएगा। पिछले विधानसभा चुनाव 2021 में भी तमिलनाडु में एक ही फेज में वोटिंग हुई थी, जिसमें DMK गठबंधन को बड़ी जीत मिली थी। इस बार अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की एंट्री ने तमिलनाडु की राजनीति को दिलचस्प बना दिया है।

चुनावी कार्यक्रम की पूरी जानकारी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को रिजल्ट जारी किया जाएगा। चुनाव आयोग ने नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल तय की है। नामांकन की समीक्षा 7 अप्रैल को होगी और उम्मीदवार 9 अप्रैल तक नाम वापस ले सकते हैं। चुनाव के बाद वोटों की गिनती 4 मई को होगी और उसी दिन रिजल्ट जारी होगी। इसके बाद 6 मई तक चुनावी प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।

तमिलनाडु सहित इन राज्यों में होंगे चुनाव

चुनाव आयोग ने तमिलनाडु के साथ पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की है। इसके अलावा चुनाव आयोग ने अन्य 6 राज्यों में होने वाले विधानसभा उपचुनाव की घोषणा की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा- गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा के विधानसभा क्षेत्रों के लिए 9 अप्रैल और गुजरात एवं महाराष्ट्र की विधानसभा क्षेत्रों के लिए 23 अप्रैल को चुनाव होंगे। सभी चुनाव की वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव-2021 के आंकड़े

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 में एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाले DMK गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की थी। DMK को 133, AIADMK को 66, कांग्रेस को 18, PMK को 5 और BJP को 4 सीटें मिली थीं। इस हिसाब से DMK को लगभग 37.7% और AIADMK को 33.3% वोट मिले थे। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी एक ही चरण में मतदान हुआ था। पिछली बार 6 अप्रैल को वोटिंग हुई थी।

चुनावी शेड्यूल जारी होने पर बीजेपी नेताओं में खुशी

तमिलनाडु में चुनाव का शेड्यूल जारी होने से बीजेपी नेताओं में खुशी का माहौल है। बीजेपी नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा- यहां चुनाव 23 तारीख को चुनाव हैं। हमारे पास 40 दिन हैं। हम खुश हैं कि हमारे पास अपनी सीट शेयरिंग आदि की प्लानिंग करने का समय है। मैं SIR के जरिए एक शुद्ध वोटर लिस्ट लाने के लिए चुनाव आयोग, केंद्र सरकार की शुक्रगुजार हूं। पहले मुख्यमंत्री ने इसका विरोध किया था और कहा था कि इससे सभी अल्पसंख्यक मतदाताओं के वोट काट दिए जाएंगे और आज चुनाव आयोग ने साफ कहा है कि किसी भी अवैध वोटर को वोट नहीं डालने दिया जाएगा। इसलिए यह लोगों के लिए बहुत खुशी की बात है। मौजूदा सरकार के खिलाफ बहुत एंटी-इनकंबेंसी है। इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि हम जीतेंगे।