
सबरीमाला मंदिर (Photo- Temple 'X' Account)
केरल के पथानामथिट्टा जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर से जुड़े सोना चोरी मामले में तांत्रिक की जमानत रद्द करने के लिए SIT ने केरल हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। SIT सबरीमाला मंदिर की कलाकृतियों से कथित सोना चोरी मामले की जांच कर रही है। SIT ने शुक्रवार को तांत्रिक कंदारारु राजीवरु की जमानत रद्द करने के लिए केरल हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका में SIT ने कहा है कि तांत्रिक को दी गई राहत से न्याय का घोर उल्लंघन हुआ है।
सबरीमाला मंदिर सोना चोरी मामले की जांच SIT कर रही है। अब SIT ने कोल्लम के स्पेशल कोर्ट के फैसले को केरल हाईकोर्ट में चुनौती दी है। कोल्लम विजिलेंस कोर्ट ने सबरीमाला मंदिर के मुख्य तांत्रिक (पुजारी) कंदरारु राजीवरु को जमानत दी थी। कोल्लम की स्पेशल कोर्ट ने 18 फरवरी 2026 को तांत्रिक को जमानत देने का आदेश दिया था। कोर्ट ने माना कि मंदिर की कलाकृतियों और श्रीकोविल के दरवाजों से कथित सोने की हेराफेरी से जुड़े मामलों में मुख्य तांत्रिक के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं मिला। सबूतों के अभाव में कोर्ट ने मुख्य तांत्रिक को जमानत दी थी।
अब अतिरिक्त लोक अभियोजक पी. नारायणन के माध्यम से SIT ने मुख्य तांत्रिक की जमानत रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में अपील की है। SIT की याचिका में जमानत रद्द करने के अलावा कोर्ट की जांच पर की गई प्रतिकूल और अनुचित टिप्पणियों को हटाने की मांग की गई है। SIT का दावा है कि विजिलेंस कोर्ट ने सभी तथ्यों, परिस्थितियों, आरोपी की भूमिका, रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्य, आगे की हिरासत की जरूरत और अभियोजन की कड़ी आपत्तियों को नजरअंदाज किया। याचिका में कहा गया है कि जमानत आदेश गंभीर कानूनी खामियों से ग्रस्त है।
केरल के विश्व-प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर से जुड़ा सोना चोरी मामला 2019 में सामने सामने आया था। मामले की जांच में पता चला कि 2019 में मंदिर की मरम्मत और गोल्ड प्लेटिंग के नाम पर भगवान अयप्पा की मूर्तियों और संरचनाओं पर चढ़ा सोना बाहर भेजा गया था। कुल 42.8 किलो सोने की प्लेटेड मूर्तियां मरम्मत के लिए चेन्नई की एक निजी फर्म को दी गईं, लेकिन जब ये मूर्तियां वापस लाई गईं तो उनका वजन केवल 38.2 किलो था। इस हिसाब से मूर्तियों के कुल वजन से 4.5 किलो सोना गायब था। जब इस मामले पर सवाल उठे तो इसे सामान्य घिसावट बताकर मामले को नजरअंदाज करने की कोशिश की गई।
सबरीमाला मंदिर केरल के पश्चिमी घाट में पेरियार टाइगर रिजर्व के घने जंगलों के बीच स्थित है। यह मंदिर हिंदुओं का प्रमुख तीर्थ स्थल है। यह मंदिर भगवान अयप्पा (हरिहरपुत्र) को समर्पित है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान शिव और विष्णु के मोहिनी रूप से उत्पन्न अयप्पा ने राक्षसी महिषी का वध किया था। भगवान परशुराम द्वारा स्थापित 5 शास्ता मंदिरों में सबरीमाला मंदिर सबसे प्रसिद्ध है। यह हर साल बड़ी तीर्थयात्रा होती है, इसमे लाखों श्रद्धालु मंडल पूजा के दौरान 41 दिनों का कठिन व्रत रखते हैं। मंदिर तक पहुंचने के लिए 18 पवित्र सीढ़ियां (पथिनेट्टम पाडी) चढ़नी पड़ती हैं। यह मंदिर 18 पहाड़ियों से घिरा हुआ है।
Published on:
13 Mar 2026 04:05 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
