
मृतक महिलाएं (फोटो- Vanakkam Malaysia एक्स पोस्ट)
ओडिशा के देओगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला तिहरा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह घटना एक पारिवारिक विवाद से शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में भयानक अपराध में बदल गई। इस मामले में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बहू और चार साल की पोती की हथौड़े से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे देओगढ़ जिले के गरियापाली गांव में हुई। आरोपी की पहचान रमेश गरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश का अपनी पत्नी गुल गरिया के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया था। इसके बाद रमेश ने गुल पर हमला करने की कोशिश की। इसके चलते अपनी जान बचाने क लिए गुल बहू लिपि महाकुल के पास मदद के लिए भागी। इसी दौरान गुस्से में आकर रमेश ने हथौड़े से दोनों पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार हमला इतना गंभीर था कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान घर में मौजूद चार साल की बच्ची इशानी भी आरोपी के सामने आ गई। गुस्से में रमेश ने उस पर भी हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इस तरह कुछ ही मिनटों में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। घटना के बाद आरोपी रमेश गरिया घर से फरार हो गया। देर रात जब उसका बेटा धिरेन गरिया घर लौटा तो उसने तीनों के शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देओगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिल मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को ही इस तिहरे हत्याकांड का मुख्य कारण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई और परिवार के सदस्य की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल किया। जल्द ही फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा करेगी।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और पड़ोसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना के पूरे क्रम को समझा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।
Published on:
13 Mar 2026 04:13 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
