
सड़क हादसे में चार लोगों की मौत (फोटो- एएनआई)
पंजाब के होशियारपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां कोहरे के चलते एक कार रोडवेज बस से टकरा गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बुरी तरह से घायल हो गया। शनिवार सुबह होशियारपुर-दसूया रोड पर हुए इस हादसे में मारे गए चारों लोग एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को कब्जे में लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घने कोहरे के चलते कार के ड्राइवर को बस नहीं दिखी और दोनों गाड़ियों में जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग घायल अवस्था में कार में ही फंसे रहे। एक्सीडेंट होने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति अभी भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान सुखविंदर, सुशील कुमार, ब्रिज कुमार और अरुण कुमार के रूप में हुई है। यह पांचों लोग हिमाचल प्रदेश के चालेट गांव के रहने वाले थे। इन लोगों के साथ कार में इसी गांव के रहने वाले अमित कुमार भी मौजूद थे जिनका फिलहाल होशियारपुर के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हरियाणा थाने के SHO सब-इंस्पेक्टर किरण सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार में सवार सभी लोग अमृतसर एयरपोर्ट जा रहे थे। रास्ते में दोसारका के पास यह कार हादसे का शिकार हो गई। घने कोहरे के चलते कार चालक को बस नहीं दिखी और दोनों गाड़ियां आपस में टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि इसके चलते कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Published on:
10 Jan 2026 04:13 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
