रोहतक, Jul 12, 2025

Gun Firing (file photo)
हरियाणा (Hariyana) के रोहतक (Rohtak) में देर शाम रेलवे स्टेशन (Railway Station) पर एक रिटायर्ड फौजी (Ex Army Man) ने एक महिला को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी घायल महिला के बगल में फोन चलाने लग गया। जब ट्रेन आई तो वह उसमें चढ़ गया। लोगों के शोर मचाने पर GRP मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, घायल महिला को अस्पताल भेजा। महिला को पीठ में गोली लगी है। पुलिस (Rail Police) ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला और आरोपी एक दूसरे को जानते हैं। दोनों अलग-अलग फैक्ट्री में काम करते हैं।
पुलिस ने कहा कि शुक्रवार शाम को प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर महिला ट्रेन के इंतजार में खड़ी थी। तभी वहां शराब के नशे में धुत आरोपी पहुंच गया। उसने वहां खड़े यात्रियों से कहा कि हट जाओ मैं गोली चला रहा हूं। इसके बाद उसने महिला की पीठ को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगते ही महिला प्लेटफॉर्म पर ही गिर गई।
गोली चलते ही प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पाकर GRP और RPF के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद व्यक्ति महिला के पास ही खड़ा रहा। उसके साथ पुलिसकर्मी भी खड़े थे। कुछ देर बाद कुरुक्षेत्र जाने वाली ट्रेन आई। व्यक्ति भागकर उसमें चढ़ गया। तभी घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद यात्रियों के सहयोग से आरोपी को पकड़ा गया।
GRP थाने के SHO जोगेंद्र सिंह ने कहा कि घायल महिला की पहचान जुलाना निवासी पिंकी के रूप में हुई। वह हिसार में एक कंपनी में काम करती है। वहीं आरोपी वजीर सिंह रिटायर्ड फौजी है। वह लिजवाना गांव का रहने वाला है। वह अभी नशे में है। उसने गोली चलाने की बात कबूल ली है। एसएचओ जोगेंद्र सिंह ने कहा कि अभी तक गोली मारने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। महिला के होश में आने पर उसका बयान लिया जाएगा।
Published on: 12 Jul 2025 08:29 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।