30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, May 30, 2026

बंगाल से यूपी-बिहार तक बारिश ने मचाई तबाही, छीनी 45 लोगों की जान

North India Severe Storms: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से आई तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात ने कई राज्यों में भारी तबाही मचाई, जिसमें 45 से अधिक लोगों की मौत हुई।

Heavy Rain

बारिश से कई राज्यों में भारी तबाही (ANI)

Western Disturbance in North India: उत्तर भारत में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच गुरुवार और शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली, लेकिन राहत देने के बजाय यह बदलाव भारी तबाही लेकर आया। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।

UP और बिहार में हुआ सबसे ज्यादा नुकसान

मौसम जनित हादसों में अब तक 45 से अधिक लोगों की मौत की सूचना है। सबसे ज्यादा नुकसान उत्तर प्रदेश और बिहार में दर्ज किया गया है। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जबकि रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

उत्तर प्रदेश में 20 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर रात शुरू हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिला। बुंदेलखंड और पूर्वांचल सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। अलग-अलग हादसों में राज्य में 20 लोगों की मौत हो गई। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में चौरीचौरा और गौरी बाजार रेलवे स्टेशनों के बीच रेल पटरी पर चार पेड़ गिरने से रेल यातायात बाधित हो गया। वहीं उरई और भुआ रेलवे स्टेशनों के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन का खंभा टूटने के कारण झांसी-लखनऊ रेलखंड पर ट्रेन संचालन रोकना पड़ा।

प्रयागराज में टूटा 55 साल पुराना बारिश का रिकॉर्ड

वाराणसी में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली, जबकि प्रयागराज में मई महीने में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश का 55 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। रात 1 बजे से सुबह 5 बजे के बीच मात्र चार घंटों में 61 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 18 मई 1971 को 54 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों में नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

बिहार में तेज हवाओं और वज्रपात से भारी नुकसान

बिहार में शुक्रवार को आंधी, बारिश और वज्रपात के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। राज्य में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पटना में 107 किलोमीटर प्रति घंटे और गया में 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। सबसे अधिक 116 मिमी बारिश मोतिहारी में दर्ज की गई। नेपाल में हुई भारी बारिश का असर भी बिहार में दिखाई देने लगा है। पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पुजहा घाट के पास संपर्क मार्ग जलमग्न होकर क्षतिग्रस्त हो गया।

रेल और हवाई सेवाओं पर पड़ा असर

खराब मौसम का असर परिवहन सेवाओं पर भी साफ दिखाई दिया। झारखंड के कोडरमा रेलखंड पर करीब तीन घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। पटना एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण चार विमानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 36 उड़ानें कई घंटों की देरी से संचालित हुईं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड में वज्रपात से दो भाइयों की मौत

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले स्थित तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई ट्रेकिंग के लिए तुंगनाथ पहुंचे थे। हादसे में तीन अन्य पर्यटक घायल हुए हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियों ने प्रतिकूल मौसम में फंसे 50 से अधिक पर्यटकों का सफल रेस्क्यू किया। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी और 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी के रूप में हुई है। अभिषेक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी और भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा जैसी ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

जम्मू-कश्मीर में पेड़ गिरने से महिला की मौत

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में तेज हवाओं के कारण एक अखरोट का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

दक्षिण बंगाल में तूफान और बारिश से 7 लोगों की मौत

दक्षिण बंगाल में शुक्रवार दोपहर आए भीषण तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने व्यापक तबाही मचाई। देर रात तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। 70 से 88 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने कोलकाता सहित हावड़ा और हुगली जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें