
पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दी बधाई
PM Modi Calls Tarique Rahman: बांग्लादेश में हाल ही संपन्न 13वें संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने भारी बहुमत हासिल किया है। चुनाव परिणामों में BNP को दो-तिहाई से अधिक सीटें मिलीं, जिसे 'ऐतिहासिक' और 'निर्णायक' जीत बताया जा रहा है। इस जीत के कुछ घंटों बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BNP के चेयरमैन तारिक रहमान से फोन पर बातचीत की। मोदी ने 13 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की।
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैं तारिक रहमान से बात करके खुशी हुई। मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनावों में शानदार जीत पर बधाई दी। मैंने बांग्लादेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों के लिए अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया। दो करीबी पड़ोसी देशों के रूप में, जिनके बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं, मैंने बांग्लादेश के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।'
यह फोन कॉल ऐसे समय में हुई जब BNP की जीत बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव लाने वाली मानी जा रही है। तारिक रहमान, जो पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं, लंबे समय से लंदन में निर्वासन में थे, लेकिन उनकी वापसी और नेतृत्व में पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। कई रिपोर्ट्स के अनुसार, तारिक रहमान अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं और 14 फरवरी को शपथ ले सकते हैं।
चुनाव परिणामों में BNP को 211 से अधिक सीटें मिलीं, जबकि जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को 70 और अन्य को 18 सीटें आईं। यह जीत बांग्लादेश में पिछले 18 महीनों के राजनीतिक अस्थिरता के बाद आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परिवर्तन भारत-बांग्लादेश संबंधों में नई ऊर्जा ला सकता है। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश का समर्थन जारी रखेगा।
BNP ने भी मोदी की बधाई का स्वागत किया और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों पर जोर दिया। यह कदम 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति के अनुरूप है, जहां भारत क्षेत्रीय स्थिरता और सहयोग को प्राथमिकता देता है। आने वाले दिनों में दोनों नेताओं के बीच आगे की बातचीत से द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।
Published on:
13 Feb 2026 04:41 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
