प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फोटो- IANS)
झारखंड के बोकारो से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि अशोक सिंह नाम का एक शख्स 48 वर्षीय संतोष सिंह और उनकी 70 वर्षीय मां सीता देवी को जुलाई 2024 से ही एक क्वार्टर में बंदी बनाकर रखा था।
बोकारो के डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि मंगलवार को एक रिपोर्ट मिली थी। जिससे पता चला कि सेक्टर 3डी निवासी अशोक सिंह ने मां-बेटे को पिछले साल जुलाई से ही बंधक बनाकर रखा है। दोनों को सेक्टर 6डी के एक क्वार्टर में बंदी बनाकर रखा गया था।
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि अदालत में चल रहे वैवाहिक विवाद के दौरान संतोष सिंह को अशोक सिंह ने कुछ पैसे दिए थे। लंबे समय तक कर्ज नहीं चुकाने को लेकर मां-बेटे को बंदी बनाने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद उन्हें तुरंत घर का ताला तोड़कर बाहर निकाला गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच चल रही है।
अशोक सिंह फिलहाल अन्य आरोपों में जेल में बंद है। हम मानक प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं और आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। बताया जा रहा कि दोनों पीड़ित बेहद खराब हालात में रह रहे थे। उन्हें पर्याप्त भोजन-पानी भी नहीं मिल रहा था।
उन्हें झूठे बहाने से बुलाया गया था। फिर उन पर प्रॉपर्टी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव डाला गया। जब उन्होंने इनकार किया, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें कैद कर लिया।
बंधक बनाए गए संतोष सिंह ने इस भयावह घटना के बारे में खुलकर बताया। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें दवा या अन्य जरूरी चीजों की जरूरत होती थी, तो वे राहगीरों से मदद मांगते थे और रस्सी के सहारे एक थैले में सामान इकट्ठा करते थे।
संतोष ने बताया कि उनके परिवार का एक कानूनी विवाद चल रहा है। इस मामले के सिलसिले में वकील नीतीश टंडन ने अशोक सिंह की उनकी मां से मुलाकात कराई थी।
अशोक सिंह ने उस वक्त कुछ पैसे दिए थे, लेकिन बदले में वह चास में उनकी संपत्ति हड़पना चाहता था। उन्होंने पहले ही संपत्ति के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी प्राप्त कर ली थी और 23 जुलाई 2024 से उन्हें अपने पास रखा हुआ था। बाद में संपत्ति देने से इनकार करने पर उसने दोनों को बंधक बना लिया।
Published on:
15 Oct 2025 08:37 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग