1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोलकाता, Jun 01, 2026

ममता बनर्जी को नहीं दी धरने की इजाजत, बोलीं- ‘जहां रोकेंगे वहीं बैठ जाऊंगी, गिरफ्तार कर लें पर पीछे नहीं हटूंगी’

कोलकाता में Mamata Banerjee के प्रस्तावित धरने पर विवाद बढ़ गया है। TMC ने पुलिस पर अनुमति न देने और मंच हटवाने का आरोप लगाया। ममता ने कहा, कार्यक्रम हर हाल में होगा।

Mamata Banerjee slams bjp

ममता बनर्जी(फोटो-IANS)

Mamata Banerjee Protest: कोलकाता में ममता बनर्जी के 2 जून को होने वाले धरने को लेकर विवाद बढ़ गया है। TMC ने आरोप लगाया है कि 'पुलिस ने धरने की अनुमति नहीं दी और मंच का सामान भी यहा से हटवा दिया।' यह धरना पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों के विरोध में किया जाना था। हालांकि, ममता बनर्जी ने साफ कहा है कि कार्यक्रम रद्द नहीं होगा। उन्होंने कहा, 'अगर मुझे रोका गया तो, जहां रोकेंगे, वहीं बैठ जाऊंगी।' इस बीच TMC ने भाजपा पर राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जिससे राज्य की सियासत और गरमा गई है।

ममता ने कहा जहां रोकेंगे, वहीं बैठ जाऊंगी

धरने को लेकर सामने आए विवाद के बाद ममता बनर्जी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, 'हमने कल की बैठक पहले से तय कर रखी है, अब आप कह रहे हैं कि जगह बदल दो, ऐसा कैसे हो सकता है? मंच हो या न हो, बैठक होगी। मैं वहां जाऊंगी।' अगर मुझे रोका गया तो जहां रोकेंगे, वहीं बैठ जाऊंगी, चाहे गिरफ्तार ही क्यों न कर लें।' ममता ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह इस मुद्दे को लेकर दिल्ली तक जाएंगी और विरोध दर्ज कराएंगी। INDIA गठबंधन की बैठक का जिक्र करते हुए भी उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले में वह पीछे हटने वाली नहीं हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला

तृणमूल कांग्रेस के मुताबिक, पार्टी ने रानी रासमणि एवेन्यू में धरना आयोजित करने की तैयारी की थी। यह प्रदर्शन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों के विरोध में रखा गया था। लेकिन TMC का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया। पार्टी का यह भी दावा है कि कार्यक्रम के लिए जो मंच और अन्य सामान मौके पर पहुंचाया गया था, उसे भी वहां से हटवा दिया गया। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।

हमलों के आरोपों पर विरोध प्रदर्शन

तृणमूल कांग्रेस पिछले कुछ समय से अपने नेताओं और समर्थकों पर कथित हमलों का मुद्दा लगातार उठा रही है। पार्टी का आरोप है कि चुनाव परिणामों के बाद राज्य के कई हिस्सों में उसके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। हाल के दिनों में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए हमलों को लेकर भी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। इसी को लेकर ममता बनर्जी ने विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया था। पार्टी का कहना है कि यह धरना लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और कार्यकर्ताओं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए आयोजित किया जा रहा था।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें