1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, Jun 01, 2026

कपिल सिब्बल के बयान पर BJP का पलटवार, शहजाद पूनावाला ने पूछा- भारत से इतनी नफरत क्यों?

कपिल सिब्बल के बयान पर BJP ने तीखा हमला किया। शहजाद पूनावाला ने उन्हें घेरते हुए सवाल उठाया कि वे चुनिंदा मुद्दों पर ही क्यों बोलते हैं और भारत से इतनी नफरत क्यों करते हैं।

image
भारत

Jun 01, 2026

कपिल सिब्बल ने लगाए आरोप

कपिल सिब्बल ने लगाए आरोप (Photo-IANS)

Shehzad Poonawalla Statement: राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल के एक बयान को लेकर देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर सिब्बल की टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कपिल सिब्बल सिर्फ चुनिंदा मामलों पर बोलते हैं और पश्चिम बंगाल में साल 2021 की चुनाव बाद हिंसा जैसे मामलों पर चुप रहे।

मुझे शर्म आती है, मैं ऐसे देश में रह रहा हूं- सिब्बल

यह पूरा विवाद उस बयान से शुरू हुआ जिसमें कपिल सिब्बल ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की आलोचना करते हुए कहा था कि 'यह शर्मनाक है, बिल्कुल शर्मनाक। मुझे शर्म आती है कि मैं ऐसे देश में रह रहा हूं जहां ऐसा होता है जहां सत्ताधारी राजनीतिक दल, इस गणतंत्र के अस्तित्व में आने के समय हमारे महान नेताओं द्वारा रखी गई लोकतंत्र की नींव को तबाह करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।'

सिब्बल ने इस घटना को 'सोची-समझी साजिश के तहत किया गया हमला बताया था' और सवाल उठाया था कि अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा क्यों हटाई गई और हमले के जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हुई।

कपिल सिब्बल के बयान पर बीजेपी का पलटवार

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वीडियो बयान जारी कर कपिल सिब्बल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'कपिल सिब्बल कहते हैं कि उन्हें भारत में रहने पर शर्म आती है। सवाल यह है कि जब साल 2021 में चुनाव के बाद हिंसा हुई थी और कथित तौर पर 300 से ज्यादा BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई थी, तब कपिल सिब्बल ने कभी अपना मुंह नहीं खोला। वही कपिल सिब्बल RG Kar केस जैसे मामलों के दौरान भी चुप रहे। उन्होंने कहा 'BJP का विरोध करना एक बात है, लेकिन भारत का विरोध क्यों? आपके राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भारत से नफरत क्यों।'

पूनावाला ने राहुल गांधी को भी घेरा

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए विपक्षी नेताओं पर देश की संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'आज सिर्फ इसलिए कि आपको BJP से कोई दिक्कत है, आप भारत से ही नफरत करने लगते हैं। राहुल गांधी कहते हैं कि वे भारतीय राजसत्ता से लड़ेंगे। वे कहते हैं कि लोकतंत्र खत्म हो चुका है और अब अमेरिका और ब्रिटेन को इसमें दखल देना चाहिए। कपिल सिब्बल कहते हैं कि उन्हें भारत में रहने पर शर्म आती है।'

अभिषेक बनर्जी पर हमले से शुरू हुआ विवाद

शनिवार को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ था। घटना के दौरान उन पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके गए। कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ हाथापाई की भी कोशिश की। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें अभिषेक बनर्जी पुलिस का हेलमेट पहने नजर आए। इस दौरान उनकी शर्ट भी फट गई थी।

BJP ने हमले में भूमिका से किया इनकार

अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ था और मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए, लेकिन पार्टी का इस हिंसा से कोई संबंध नहीं है। शहजाद पूनावाला ने भी कहा कि भाजपा ने इस घटना का समर्थन नहीं किया है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि मामले में गिरफ्तार कुछ लोगों के तृणमूल कांग्रेस से संबंध होने की बात भी सामने आई है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें