
LPG Gas Booking India (Image Source: Gemini)
LPG Gas Booking India: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच टकराव के बीच देश में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिली है। हालांकि केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और लोगों को घबराकर बुकिंग करने की जरूरत नहीं है।
सरकार ने शनिवार को कहा कि एलपीजी को लेकर लोगों में चिंता जरूर बढ़ी है, लेकिन डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों पर गैस का स्टॉक खत्म होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में एलपीजी की पैनिक बुकिंग में तेजी आई है, जबकि कच्चे तेल की सप्लाई पर्याप्त है और पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता भी सामान्य बनी हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एलपीजी के लिए बड़ी संख्या में पैनिक बुकिंग हो रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल जरूरत होने पर ही सिलेंडर बुक करें। अधिकारी के अनुसार अब तक करीब 88 लाख पैनिक बुकिंग दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग भी बढ़ी है। सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए कई राज्यों में निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार 13 मार्च को तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 1,300 से अधिक स्थानों पर अचानक निरीक्षण किए। वहीं उत्तर प्रदेश में करीब 1,400 जगहों पर निरीक्षण और कार्रवाई की गई, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाई जा सके।
शिपिंग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खाड़ी देशों से एलपीजी लेकर आ रहे भारत के झंडे वाले जहाज शनिवार सुबह युद्ध प्रभावित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित गुजर गए हैं। मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि एलपीजी वाहक जहाज शिवालिक और नंदा देवी अब गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं।
सरकार के अनुसार पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से देश में एलपीजी के घरेलू उत्पादन में करीब 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और इसका पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार ने कहा कि उपभोक्ताओं को घबराहट में बुकिंग करने या वितरकों के पास लाइन लगाने की जरूरत नहीं है।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से ही करें और यदि संभव हो तो पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लेने पर भी विचार करें।
इस बीच विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारियों ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में यूरिया समेत सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार ने किसानों को आश्वस्त किया है कि आने वाले महीनों के लिए उर्वरकों की आपूर्ति पर्याप्त है और चिंता की कोई बात नहीं है।
Published on:
14 Mar 2026 07:42 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
