भारत, Jun 05, 2026

भारतीय जनता पार्टी के तमिलनाडु अध्यक्ष रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई। (Photo - IANS)
K Annamalai: भारतीय जनता पार्टी के तमिलनाडु अध्यक्ष रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई के मन में क्या है, इसको लेकर वे शुक्रवार को अपने मन की बात रखेंगे। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अन्नामलै तमिलनाडु की राजनीति में क्या घोषणा करने वाले हैं, इसको लेकर संस्पेंस बढ़ गया है। इससे पहले वे बुधवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मिल चुके हैं। दोनों के साथ अन्नामलाई की क्या बातचीत हुई, यह अभी खुलकर सामने नहीं आई है। कयास लगाया जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं को अन्नामलाई ने इस्तीफा दे दिया, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई। इस मामले में खुद अन्नामलाई ने भी कुछ नहीं बताया है।
अपने जन्मदिन के अवसर पर एक संक्षिप्त सोशल मीडिया संदेश में उन्होंने गुरुवार शाम लिखा कि 'कल दोपहर 12 बजे, मैं आप सभी से सोशल मीडिया पर मिलने और खुलकर संवाद करने के लिए उत्सुक हूं।'
अन्नामलाई का मानना है कि तमिलनाडु में टीवीके की सरकार बनने के बाद राज्य की सियासत में एक नया बदलाव आया है। वे अब स्वायत्त होकर नए पथ पर अग्रसर होना चाहते हैं। उनकी शुरुआत एक आंदोलन के रूप में होगी या वे अपने आंदोलन को राजनीतिक पार्टी का रूप देंगे। उनके समर्थकों को विश्वास है कि वे नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। इस मामले में भाजपा के तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने गुरुवार दोपहर को स्पष्ट किया था कि अन्नामलाई ने नई पार्टी शुरू करने को लेकर किसी से कोई चर्चा नहीं की है और पार्टी से कोई इस्तीफा नहीं दिया है। उनके बीच किसी भी प्रकार का मतभेद नहीं है। पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की दरार अफवाहें हैं।
वहीं उनके इस कार्यक्रम को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में उत्सुकता बढ़ गई है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वह इस मंच का उपयोग अपने अगले राजनीतिक कदम या नई पार्टी के गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए करेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई स्वतंत्र राजनीतिक राह अपनाने के लिए दृढ़ दिखाई दे रहे हैं। इस बीच उनके द्वारा नई राजनीतिक पार्टी के गठन की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
Published on: 05 Jun 2026 01:59 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।