Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दीपावली पर देशवासियों को भारतीय सेना और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी शुभकामनाएं

दीपावली के अवसर पर भारतीय सेना, वायुसेना, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने एकता, समृद्धि और वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए त्योहार की शुभकामनाएं साझा कीं।

less than 1 minute read

भारत

image

Devika Chatraj

Oct 20, 2025

Rajnath Singh (Photo: IANS)

Rajnath Singh (Photo: IANS)

पूरे देश में दीपों का महापर्व दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर भारतीय सेना, वायुसेना और रक्षा मंत्रालय ने देशवासियों को गर्मजोशी भरी शुभकामनाएं दी हैं। सेना के वीर जवानों की बहादुरी को याद करते हुए सभी ने प्रकाश, समृद्धि और एकता की कामना की है।

भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, "भारतीय वायु सेना आपको दीपावली 2025 की हार्दिक शुभकामनाएं देती है।" साथ ही एक आकर्षक वीडियो भी साझा किया गया, जिसमें त्योहार की रौनक और वायुसेना की गतिविधियां दिखाई गई हैं।

भारतीय सेना के जनसंपर्क विभाग ने भी 'एक्स' पर एक भावुक संदेश जारी किया। आधिकारिक पोस्ट में कहा गया, "इंडियन आर्मी के सभी रैंक की ओर से दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएं। यह रोशनी और खुशी का पर्व हमारे जीवन में नई संभावनाओं की किरण लेकर आए और सफलता के रास्ते को और उज्ज्वल बनाए। आइए इस रोशनी के त्योहार को हमारे वीर जवानों की बहादुरी और बलिदान को याद करते हुए मनाएं।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी 'एक्स' पर एक हृदयस्पर्शी संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "समस्त देशवासियों को प्रकाश और उल्लास के पावन पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिव्य दीपोत्सव हमारे जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और समृद्धि का संचार करे, ईश्वर से यही कामना है। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से देश में शांति, एकता और निरंतर प्रगति का दीप सदा प्रज्वलित रहे। शुभ दिवाली!"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दीपावली पर देशवासियों को बधाई दी। उनके आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।"