भारत, May 30, 2026

गांधीनगर में शख्स ने आत्महत्या की (प्रतीकात्मक तस्वीर)
गुजरात के गांधीनगर से एक बेहद भावुक और दुखद मामला सामने आया है, जिसने परिवार, पड़ोसियों और पुलिस को झकझोर कर रख दिया। यहां आर्थिक परेशानियों और मानसिक तनाव से जूझ रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर जहरीला कीटनाशक खाकर अपनी जान दे दी। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि आखिरी कदम उठाने से पहले भी उसने अपने परिवार, खासकर बेटी की सुरक्षा को लेकर एक चेतावनी भरा नोट लिखा। दरवाजे पर चिपकाए गए इस संदेश ने सभी को भावुक किया और पिता के मन की चिंता को उजागर किया है।
गांधीनगर के कुडासन क्षेत्र स्थित पूनम रेजिडेंसी में रहने वाले 42 वर्षीय पंकज भंसाली ने कथित तौर पर सेल्फोस नामक जहरीले कीटनाशक का सेवन किया। आत्महत्या से पहले उन्होंने फ्लैट के दरवाजे पर अंग्रेजी में एक नोट चिपकाया, जिसमें लिखा था, सेल्फोस, जहरीली गैस, मास्क पहनना, पानी मत पीना। नोट में अपनी बेटी मानवी के लिए विशेष रूप से बाहर रहने की चेतावनी भी दी गई थी। यह संदेश बताता है कि अंतिम क्षणों में भी उन्हें अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता थी।
जानकारी के अनुसार पंकज भंसाली इंफोसिटी स्थित शेयर बाजार से जुड़ी एक कंपनी में कार्यरत थे। करीब पांच महीने पहले उनकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद से वे आर्थिक संकट, कर्ज और लगातार हो रहे नुकसान के कारण गहरे मानसिक तनाव में थे। परिवार और परिचितों के मुताबिक नौकरी जाने के बाद उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती चली गईं। माना जा रहा है कि यही परिस्थितियां उन्हें इस दुखद निर्णय तक ले गईं।
पुलिस के अनुसार पंकज की पत्नी और बेटी 13 मई को मायके गई थी। दंपति के बीच आखिरी बार 22 मई को बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। जब कई दिनों तक संपर्क नहीं हो पाया तो 27 मई को रिश्तेदार फ्लैट पहुंचे। वहां दरवाजे पर लगा चेतावनी भरा नोट देखकर सभी हैरान रह गए। फ्लैट के अंदर पंकज का शव मिला, जो कई दिनों तक बंद कमरे में रहने के कारण काफी हद तक सड़ चुका था। मौके से जहरीले कीटनाशक के पैकेट भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
Published on: 30 May 2026 02:13 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।