
समस्तीपुर में दहेज के लिए हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बिहार के समस्तीपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में एक महिला का शव उसके घर फंदे से लटका मिलने के बाद हंगामा हुआ है। मृतका के परिवार ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान श्वेता कुमारी के रूप में हुई है, जो कि पटना के अगम कुआं की रहने वाली थी। श्वेता का पति नंदू चौधरी दरभंगा में सहायक जेल अधीक्षक के पद पर कार्यरत है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को श्वेता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही महिला के ससुराल वाले फरार हैं। मृतका के भाई ने उसके पति और सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतका के भाई के अनुसार 31 मई 2023 को उसकी शादी नंदू से हुई थी। शादी में दहेज के तौर पर गाड़ी और अन्य सभी सामान दिए गए थे। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले फॉर्च्यूनर गाड़ी और 10 लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे। इसके लिए लगातार मृतका को प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे मारने की धमकी भी दी गई थी। घटना से 20 दिन पहले ससुराल वालों ने मृतका के साथ मारपीट भी की थी। मृतका के भाई ने बताया कि इस दौरान उनके पिता थाने में शिकायत कराने जा रहे थे लेकिन बहन के ससुराल वालों ने दुबारा ऐसा न करने की बात कहते हुए उन्हें रोक लिया।
श्वेता के भाई ने बताया कि उन्हें गांव वालों के जरिए बहन की मौत की खबर मिली। भाई का आरोप है कि श्वेता के ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की है। भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य इकट्ठा कर लिए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस के अनुसार घटना के दौरान श्वेता का पति नंदू छुट्टी पर था और अब उसका फोन नहीं लग पा रहा है। पुलिस नंदू समेत उसके परिवार के अन्य सदस्यों की तलाशी में जुटी है।
Published on:
12 Feb 2026 11:04 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
