5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, Jun 05, 2026

‘INDIA ब्लॉक खत्म हो चुका है’, डीएमके के गठबंधन की बैठक में शामिल न होने पर भाजपा का वार

डीएमके के INDIA गठबंधन बैठक से दूरी बनाने के फैसले पर बीजेपी ने विपक्षी एकता को कमजोर बताया है। कांग्रेस और अन्य सहयोगी दल गठबंधन को अभी भी मजबूत बता रहे हैं, लेकिन राजनीतिक मतभेदों की चर्चा तेज हो गई है।

BJP Leader Syed Shahnawaz Hussain

बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन (फोटो- आईएएनएस)

विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन में दरार की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। तमिलनाडु की प्रमुख पार्टी द्रविड मुनेत्र कषगम (DMK) ने 8 जून को होने वाली गठबंधन बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला लिया, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन अब केवल नाम भर का रह गया है और सहयोगी दलों का कांग्रेस पर भरोसा समाप्त हो चुका है। डीएमके ने अपने फैसले के पीछे तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के प्रति कार्यकर्ताओं की नाराजगी को प्रमुख वजह बताया है।

केवल दिखावे का गठबंधन - बीजेपी

डीएमके के फैसले के बाद बीजेपी नेताओं ने विपक्षी एकता पर गंभीर सवाल उठाए। बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि INDIA गठबंधन पहले ही खत्म हो चुका है। यह केवल दिखावे का गठबंधन है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर रहे हैं और सभी दल अपने-अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं। बीजेपी सांसद मनन कुमार मिश्रा ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि डीएमके को अब जाकर कांग्रेस की राजनीति की वास्तविकता समझ आई है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि विपक्षी दलों के बीच लगातार बढ़ रही असहमति गठबंधन को कमजोर कर रही है।

गठबंधन अभी पूरी तरह सक्रिय - कांग्रेस

डीएमके ने बयान जारी कर कहा कि पार्टी को बैठक में शामिल होने का निमंत्रण मिला था, लेकिन उसने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए दूरी बनाने का निर्णय लिया। पार्टी के अनुसार हालिया तमिलनाडु राजनीतिक घटनाक्रम के बाद कांग्रेस को लेकर संगठन के भीतर असंतोष बढ़ा है। वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि डीएमके शुरू से ही परिसीमन जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि कौन आएगा और कौन नहीं आएगा, इस पर अटकलों की जरूरत नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन अभी पूरी तरह सक्रिय है और विपक्षी दल संवाद बनाए हुए हैं।

शिवसेना-यूबीटी और एमडीएमके ने भी कहा गठबंधन मजबूत

जहां बीजेपी लगातार INDIA गठबंधन को टूटता हुआ बता रही है, वहीं कई विपक्षी दलों ने इसे सामान्य राजनीतिक मतभेद करार दिया। शिवसेना-यूबीटी नेता संजय राउत ने कहा कि गठबंधन अभी भी मजबूत है और डीएमके को धैर्य रखना चाहिए था। एमडीएमके नेता दुरई वाइको ने भी कहा कि उनकी पार्टी अभी INDIA गठबंधन का हिस्सा बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस (JKNC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भी 8 जून की बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगातार उभरते मतभेद विपक्षी रणनीति को प्रभावित कर सकते हैं, खासकर ऐसे समय में जब राष्ट्रीय राजनीति में विपक्षी एकजुटता महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें