
Benjamin Netanyahu(Image-Official)
Benjamin Netanyahu: सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर अजीब-सी अफवाहें फैल रही थीं। कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि नेतन्याहू की मौत हो चुकी है और हाल में दिखाई दिया उनका एक वीडियो एआई से बनाया गया है। लेकिन अब खुद नेतन्याहू ने सामने आकर इन अफवाहों का मजाक उड़ाया है। दरअसल, नेतन्याहू ने एक छोटा-सा वीडियो जारी किया है, जिसमें वे बेहद हल्के और मजाकिया अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे एक कैफे में कॉफी ऑर्डर करते दिखाई देते हैं। कैमरे की तरफ मुस्कुराते हुए वे कहते हैं, “मैं मर गया हूं… कॉफी के लिए।” यह हिब्रू भाषा का एक मुहावरा है, जिसका मतलब होता है कि किसी चीज से बहुत ज्यादा प्यार होना। इस वीडियो के जरिए उन्होंने उन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया, जिनमें उनकी मौत का दावा किया जा रहा था।
दरअसल, सोशल मीडिया पर फैल रही चर्चा की शुरुआत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो से हुई। कुछ लोगों ने दावा किया कि उस वीडियो में नेतन्याहू के एक हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं। इसी आधार पर कई यूजर्स ने यह कहना शुरू कर दिया कि वीडियो असली नहीं है और शायद एआई से बनाया गया है। कुछ ही समय में यह बात अफवाह बनकर फैल गई और लोगों ने यह भी दावा करना शुरू कर दिया कि नेतन्याहू अब जिंदा नहीं हैं।
इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने वीडियो में अपने दोनों हाथ कैमरे के सामने उठाए और मजाकिया अंदाज में कहा, “क्या तुम मेरी उंगलियां गिनना चाहते हो? यहां देखो… और यहां भी। सब बिल्कुल ठीक हैं।” इस तरह उन्होंने साफ कर दिया कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और सोशल मीडिया पर चल रही बातें सिर्फ अफवाह हैं।
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब इजरायल और ईरान के बीच तनाव बेहद बढ़ा हुआ है। दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष को कई दिन हो चुके हैं और हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। वीडियो में नेतन्याहू ने इजरायल के नागरिकों को भी संबोधित किया। उन्होंने लोगों से कहा कि वे सामान्य जीवन जीने की कोशिश करें, बाहर ताजी हवा लें, लेकिन सुरक्षा को नजरअंदाज न करें और सुरक्षित जगहों के करीब ही रहें। उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता जिस धैर्य और हिम्मत के साथ हालात का सामना कर रही है, वही सरकार, सेना और खुफिया एजेंसियों को आगे बढ़ने की ताकत दे रही है।
Published on:
15 Mar 2026 11:05 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
