
बेंगलुरु शहर से बाहर शनिवार को तुमकुरु रोड पर भीषण सड़क हादसा (Photo - @X)
कर्नाटक के बेंगलुरु शहर के बाहरी इलाके में शनिवार देर रात तुमकुरु रोड पर भीषण सड़क हादसा हुआ। कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस से टक्कर में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुआ, जब तुमकुरु से बेंगलुरु की ओर जा रही एक कार कथित तौर पर डिवाइडर से टकरा गई और विपरीत लेन में जाकर पलट गई। उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार KSRTC बस ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि तेज रफ्तार इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है। दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हर्षित और लिखित के रूप में हुई है, जो दोनों डोड्डाबल्लापुर के निवासी थे। अन्य तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हर्षित और लिखित निजी कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र थे। परिजनों के अनुसार, हर्षित रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों से मिलने के लिए घर से निकला था।
KSRTC बस में कुल 42 यात्री सवार थे। हादसे के कारण आगे की सीटों पर बैठे कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया। मदनायकनहल्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
Published on:
15 Feb 2026 10:56 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
