8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खेल रही 6 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद की हत्या, CCTV फुटेज से आरोपी की हुई पहचान

परिजनों के मुताबिक, बच्ची शनिवार शाम दो अन्य बच्चों के साथ खेलने निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी।

2 min read
Google source verification
Darbhanga, child rape, child murder, six-year-old girl,

बिहार में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म (File Photo)

बिहार के दरभंगा में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक छह साल की बच्ची का शव तालाब के पास खून से लथपथ हालत में मिला। बच्ची शनिवार शाम खेलते समय लापता हो गई थी। घंटों की तलाश के बाद यह दर्दनाक सच्चाई सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सदमे और गुस्से में डाल दिया। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और गिरफ्तार किया।

खेलते-खेलते हुई थी लापता

परिजनों के मुताबिक, बच्ची शनिवार शाम दो अन्य बच्चों के साथ खेलने निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। अंधेरा होने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोग उसे तलाशते रहे। खोजबीन के दौरान तालाब के पास सुनसान इलाके में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। जब लोग वहां पहुंचे तो बच्ची का शव खून से सना हुआ पड़ा मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

जांच में जुटी पुलिस

यूनिवर्सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और साइबर सेल की टीमें भी सबूत जुटाने में लगाई गईं।

एसएसपी रेड्डी ने कहा, “एक छह साल की बच्ची का शव बरामद हुआ है। सभी टीमें जांच में लगी हैं और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।”

CCTV से आरोपी की पहचान

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तीन बच्चे एक साथ तालाब के पास खेल रहे थे। आरोपी ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सिर्फ एक बच्ची को पकड़कर अंधेरे इलाके में ले गया। बाकी दो बच्चे किसी तरह बचकर भाग निकले और बाद में परिजनों को पूरी घटना बताई।

बच्चों के बयान के आधार पर पुलिस ने आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज दिखाने पर बच्चों ने आरोपी की पहचान विकास महतो के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके कपड़ों पर खून के धब्बे भी मिले हैं।

परिवार का आरोप: दुष्कर्म के बाद हत्या

पीड़ित बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिवार का कहना है कि बच्ची के शरीर की हालत गंभीर हिंसा की ओर इशारा करती है। परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

एसएसपी रेड्डी ने कहा कि घटना का पूरा सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मेडिकल रिपोर्ट से स्थिति साफ होगी।

सड़क पर उतरे लोग

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। रविवार को स्थानीय लोगों ने सुंदरपुर बेला मंदिर के पास मुख्य सड़क जाम कर दी और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।