10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मेड़ता में आधी रात को सनसनीखेज वारदात : ज्वैलर पर हमला, मौत

हमले में स्वर्णकार समाज के पूर्व नवयुवक मंडल अध्यक्ष की मौत, ब्रह्मपुरी स्थित सर्राफा दुकान में घुसे बदमाश, दो बंगाली कारीगर घायल, अजमेर रैफर

2 min read
Google source verification
Merta murder case

Merta murder case

मेड़ता सिटी (नागौर).मेड़ता शहर में आधी रात को हुई एक सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। ब्रह्मपुरी स्थित एक सर्राफा व्यापारी की दुकान पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। इस दौरान चाकू के वार से मेड़तामैढ़क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के पूर्व नवयुवक मंडल अध्यक्ष पंकज सोनी (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुकान में कार्यरत दो बंगाली कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतारण चौकी निवासी पंकज सोनी पुत्र गोरधनलाल सोनी देर रात करीब साढ़े 12 बजे अपनी ज्वैलरी शॉप में दो कारीगरों के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान दो बदमाश हथियार लेकर दुकान में घुसे और अचानक हमला कर दिया। हमले में पंकज सोनी के छाती और पेट में चाकू के गंभीर घाव लगे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कारीगर संजय और संदीप भी हमले में घायल हो गए।घायलों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां ऑन कॉल चिकित्सक डॉ. कमलेश गौरा ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अजमेर रैफर कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मेड़ता पुलिस उप अधीक्षक रामकरण सिंह मलिंडा ने बताया कि देर रात हुई इस वारदात के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पश्चिम बंगाल से जुड़े आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

व्यापारियों में दहशत के साथ आक्रोश

इस जघन्य वारदात के बाद सर्राफा व्यापारियों में भय का माहौल है, वहीं घटना को लेकर भारी आक्रोश भी देखने को मिला। स्वर्णकार व्यापार संघ अध्यक्ष धर्मीचंद सोनी ने बताया कि घटना के विरोध में मेड़ता की सर्राफा दुकानों को बंद रखा गया है।

स्वर्णकार समाज के लोगों ने दिया धरना

सर्राफा व्यापारी पंकज सोनी की हत्या के मामले में उप जिला चिकित्सालय के बाहर परिजनों और स्वर्णकार समाज के लोगों ने धरना दिया। मौके पर पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और लोगों से समझाइश करते नजर आए। धरना स्थल पर मौजूद व्यापारियों ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। घटना के विरोध में मेड़ता सिटी की सैकड़ों सर्राफा दुकानें बंद रहीं।