10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई में चल रही उत्तर भारत जैसी भयंकर लू, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, कब मिलेगी राहत?

IMD Heat Wave Alert: मुंबई शहर और उपनगरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय गर्मी अधिक महसूस हो रही है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Mar 10, 2026

Mumbai Heat Wave Alert

मुंबई पर लू का अटैक, अलर्ट जारी (Photo: IANS/File)

Weather Update: मार्च के दूसरे सप्ताह में ही गर्मी ने अपना डरावना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और तेज धूप से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर मुंबई और उससे सटे जिलों में गर्मी और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बढ़ते तापमान के बीच अब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बड़ी चेतावनी जारी कर दी है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मुंबई में हीटवेव यानी लू जैसी स्थिति बनने की आशंका है। इसी कारण शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के साथ-साथ ठाणे, पालघर और आसपास के उपनगरीय इलाकों में भी तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मुंबई, ठाणे, पालघर में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक ऐसी ही भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मुंबई, ठाणे और पालघर के विभिन्न क्षेत्रों में अगले 48 घंटे तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लू से लेकर भयंकर लू की स्थिति बनी रह सकती है। इसलिए तीनों जिलों के लिए 10 मार्च को ऑरेंज अलर्ट और 11 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मुंबई पर लू का अटैक, पारा 40 पार

आज उत्तर कोंकण क्षेत्र में हीट वेव से लेकर भीषण हीट वेव जैसी स्थिति दर्ज की गई। मुंबई के सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.6 डिग्री अधिक है। वहीं डहाणू में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.6 डिग्री ज्यादा रहा। ठाणे में भी भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दिया, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुंबई शहर और उपनगरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर से लेकर शाम तक धूप सबसे ज्यादा तेज रहती है। ऐसे समय में घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। अगर जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो पानी पीते रहें और सिर को ढककर निकलें।

भीषण गर्मी से कब मिलेगी राहत?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज अपने ताजा अपडेट में कहा, “हिमाचल प्रदेश और उत्तरी कोंकण में 10 मार्च को और गुजरात राज्य में 10 और 11 तारीख को कुछ इलाकों में उष्ण लहर (Heat Wave) से लेकर भीषण उष्ण लहर की स्थिति रहने की बहुत संभावना है, साथ ही पश्चिमी राजस्थान, विदर्भ में 10 और 11 तारीख को, उत्तरी कोंकण में 11 तारीख को और गुजरात राज्य में 12 मार्च को कुछ इलाकों में उष्ण लहर की संभावना है।“

आईएमडी ने आगे कहा, “अगले 2-3 दिनों में गुजरात, कोंकण और गोवा में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद के 5 दिनों में इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट आएगी। वहीं, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 14 मार्च से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। जिससे मुंबई सहित कोंकण को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।“

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सावधानी बरतें। बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।