
महाराष्ट्र में बारिश के आसार (Photo: IANS/File)
मुंबई में पिछले दो दिनों में तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार से एक बार फिर सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार और शनिवार को मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है। 48 घंटे बाद पारा गिरेगा और फिर कोंकण व पश्चिम महाराष्ट्र को छोड़कर राज्य के ज्यादातर जिलों तूफानी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 13 और 14 मार्च के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर में गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके चलते अगले दो दिनों में शहर का तापमान फिर से बढ़ सकता है।
मार्च की शुरुआत के बाद यह मुंबई में तीसरी बार हीट वेव जैसी स्थिति होगी। इससे पहले 5 मार्च, 9 मार्च और 10 मार्च को शहर में तेज गर्मी का असर देखा गया था।
10 मार्च को तो पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस महीने के सबसे गर्म दिनों में से एक रहा। बाद में 12 मार्च को तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। सांताक्रूज मौसम केंद्र में 33.1 डिग्री और कुलाबा मौसम केंद्र में 32.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि आज से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मुंबई के उपनगरों से लेकर कोंकण तट तक गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है। खास तौर पर विक्रोली, ठाणे और नवी मुंबई बेल्ट के इलाकों में पारा तेजी से चढ़ा है। दरअसल अरब सागर में बना एंटी-साइक्लोन कमजोर पड़ गया है, जिसके कारण मुंबई की ओर बहने वाली हवाओं से तापमान में उतार-चढ़ाव होने का अनुमान है।
एक तरफ जहां मुंबई और कोंकण तट भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने मराठवाड़ा और विदर्भ के क्षेत्रों के लिए गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मंगलवार तक बेमौसम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। फिलहाल मुंबई और कोंकण बेल्ट के लिए बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के शुरुआती अनुमान के अनुसार आने वाले अप्रैल और मई महीने सामान्य से ज्यादा गर्म रह सकते हैं। इसलिए लोगों को गर्मी और उमस के लिए तैयार रहने की सलाह दी जा रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर के समय धूप से बचाव, पर्याप्त पानी पीना और लंबे समय तक धूप में रहने से बचना जरूरी है, क्योंकि आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्मी का जोर और बढ़ सकता है।
Published on:
13 Mar 2026 04:34 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
