
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने परिवार के साथ नागपुर में वोट डाला (Photo: IANS/File)
Maharashtra Civic Polls 2026: महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए आज, 15 जनवरी को सुबह 7:30 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के 3.48 करोड़ मतदाता कुल 15,931 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। हालांकि सबकी नजरें देश की सबसे अमीर नगर निकाय, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर टिकी हैं। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में तो केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, मनसे प्रमुख राज ठाकरे, अभिनेता अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी, नाना पाटेकर समेत कई दिग्गजों ने मुंबई में सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अधिकारियों ने बताया कि बीएमसी चुनाव के लिए जारी मतदान के पहले दो घंटों में औसतन 6.98 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पश्चिमी उपनगरों के वार्ड नंबर 18 में सबसे अधिक 11.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी उपनगरों के वार्ड नंबर 162 में सुबह 9.30 बजे तक सबसे कम 1.68 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि पुणे में सुबह साढ़े नौ बजे तक औसत मतदान प्रतिशत 5.50 रहा।
राज्यभर में 893 वार्डों की कुल 2,869 सीटों के लिए सुबह 7.30 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5.30 बजे तक चलेगा। इन चुनावों में 15,931 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि करीब 3.48 करोड़ मतदाता यह तय करेंगे कि अगले पांच साल तक शहरों की सत्ता किसके हाथ में रहेगी।
मुंबई की बीएमसी में 227 सीटों के लिए लगभग 1,700 उम्मीदवार मैदान में हैं। यह वही महानगरपालिका है, जिसका सालाना बजट करीब 74,000 करोड़ रुपये का है। मुंबई को छोड़कर बाकी सभी शहरी निकायों में बहुसदस्यीय वार्ड प्रणाली लागू है। सभी नगर निकायों के नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।
यह चुनाव 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहला बीएमसी चुनाव है। उसी साल एकनाथ शिंदे पार्टी के अधिकांश विधायकों के साथ अलग हो गए थे और बाद में उन्हें पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न दोनों मिल गए थे। गौरतलब है कि अविभाजित शिवसेना ने करीब 25 वर्षों तक बीएमसी पर शासन किया था।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका पर सत्ता को लेकर भाजपा-शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और ठाकरे भाईयों के गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। दो दशक बाद चचेरे भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे मराठी वोटों को एकजुट करने के लिए साथ आए हैं। उन्हें शरद पवार की एनसीपी (एसपी) का समर्थन हासिल है। उधर, एमवीए का साथ छोड़कर कांग्रेस इस बार मुंबई में प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाडी (VBA) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।
चुनाव से पहले सियासी समीकरणों में भी बड़े बदलाव देखने को मिले। दो दशक पहले अलग हुए चचेरे भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे साथ आ गए। वहीं पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रतिद्वंद्वी गुटों (शरद पवार और अजित पवार) ने गठबंधन कर सबको चौंका दिया। नागपुर में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ रही है, जहां उसका मुकाबला भाजपा से है।
गौर करने वाली बात यह है कि राज्य की सभी 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव छह साल से अधिक के अंतराल के बाद हो रहे हैं, क्योंकि इन नगर निगमों का कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो चुका था। इन चुनावों में मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, कोल्हापुर, नागपुर, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड़, पुणे, उल्हासनगर, छत्रपति संभाजीनगर, चंद्रपुर, परभणी, नांदेड़-वाघाला, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड़, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी नगर निगम शामिल हैं।
Updated on:
15 Jan 2026 12:12 pm
Published on:
15 Jan 2026 12:11 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
