Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Shivaji Kardile: भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवाजीराव कर्डीले का निधन, पार्टी में दौड़ी शोक की लहर

BJP MLA Shivajirao Kardile Passed Away: पूर्व मंत्री शिवाजीराव कर्डीले का निधन हो गया है। वह राहुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वर्तमान विधायक थे।

2 min read

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Oct 17, 2025

BJP MLA Shivajirao Kardile died

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री शिवाजीराव कर्डीले का निधन (Patrika Photo)

महाराष्ट्र की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राहुरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिवाजीराव भानुदास कर्डीले (BJP MLA Shivaji Kardile Death) का शुक्रवार को निधन हो गया है। वे 67 वर्ष के थे। उनके निधन से अहमदनगर जिले में शोक दौड़ गई है। वह अहिल्यानगर (अहमदनगर) जिले के राहुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वर्तमान विधायक थे।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हार्ट अटैक के तीव्र झटके से शिवाजी कर्डिले का निधन हो गया। वे हाल ही में एक गंभीर बीमारी से ठीक हुए थे। आज सुबह करीब सात बजे अहिल्यानगर स्थित अपने घर पर कार्डिले ने सीने में दर्द की शिकायत की। जिसके बाद उन्हें अहमदनगर शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूध उत्पादक किसान से लेकर ग्राम सरपंच, विधायक और राज्यमंत्री तक उनका राजनीतिक सफर बेहद उल्लेखनीय रहा है।

शिवाजीराव का राजनीतिक सफर बेहद प्रेरणादायक रहा। अहमदनगर शहर के पास स्थित बुर्हानगर गांव से उन्होंने सरपंच के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। दूध व्यवसाय से जुड़े शिवाजीराव कर्डीले ने समाजसेवा से राजनीति में अपनी पहचान बनाई। धीरे-धीरे वे विधायक और राज्य मंत्री तक पहुंचे।  

अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत सरपंच के रूप में करने वाले कर्डिले ने 2009 में राहुरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2014 में उन्होंने इसी सीट से फिर विजय दर्ज की, उस चुनाव में उनके प्रचार के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राहुरी में आए थे। लेकिन 2019 में उन्हें एनसीपी (अविभाजित) के उम्मीदवार प्राजक्त तनपुरे के हाथों हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, कर्डिले ने 2024 के विधानसभा चुनाव में शानदार वापसी करते हुए शरद पवार गुट के तनपुरे को पराजित किया।

एनसीपी शरद गुट के विधायक रोहित पवार ने दी श्रद्धांजलि-

विरोधी खेमे के नेता रोहित पवार ने कहा, “राहुरी के विधायक शिवाजीराव कर्डिले के अल्पकालिक बीमारी के बाद निधन की खबर बेहद दुखद है। उनके इस तरह अचानक चले जाने से उनका परिवार, मतदाता और पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। उन्होंने विधायक, राज्यमंत्री और अहिल्यानगर जिला बैंक के चेयरमैन जैसे कई पदों पर रहकर जो लोकहितकारी कार्य किए, वे हमेशा याद रहेंगे। ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे-यही प्रार्थना है। हम सभी उनके परिवार के दुख में सहभागी हैं। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!”

शिवाजीराव कर्डिले अहमदनगर की राजनीति में एक प्रभावशाली और जमीनी नेता माने जाते थे। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक संग्राम जगताप के ससुर भी थे। उनके निधन से न केवल भाजपा बल्कि पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई है। राजनीतिक गलियारों में उन्हें एक मिलनसार, कार्यकर्ता से जुड़ा और संघर्षशील नेता के रूप में याद किया जा रहा है।