29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई, May 24, 2026

‘युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति’: कॉकरोच जनता पार्टी पर अन्ना हजारे का बड़ा बयान, सरकार को दी ये नसीहत

Anna Hazare on Cockroach Janta Party: 'कॉकरोच जनता पार्टी' अब केवल एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन मुहिम भर नहीं रह गई है, बल्कि यह युवाओं के गुस्से और असंतोष की नई आवाज बनती दिख रही है। इसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और वेबसाइट बंद होने के बावजूद इस अभियान की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच अब वरिष्ठ समाजसेवी अण्णा हजारे ने भी इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया दी है।

Anna Hazare on Cockroach Janata Party abhijeet dipke

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर अन्ना हजारे का बड़ा बयान

अभिजीत दीपके की 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने सोशल मीडिया पर तहलका मचाया हुआ है। बीते कई दिनों से इसकी चर्चा पूरे देश में जोरों पर है। आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक किए जाने के बाद भी यह व्यंग्यात्मक मुहिम लगातार पॉपुलर हो रही रही। यहां तक की सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके भी हार मानने को तैयार नहीं हैं और नए सिरे से इसे उभारने में जुटे हुए हैं। इस बीच, वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे ने सीजेपी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस ऑनलाइन आंदोलन पर बेहद महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए केंद्र सरकार को एक बड़ी नसीहत दी है।

एक समय देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकपाल आंदोलन खड़ा कर जनआंदोलन की मिसाल पेश करने वाले अन्ना हजारे ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के पीछे खड़े युवाओं को लेकर सरकार को अहम संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और सरकार को युवाओं की आवाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

‘नाम नहीं, युवाओं का समर्थन ज्यादा महत्वपूर्ण’

मीडिया से बातचीत के दौरान अन्ना हजारे ने कहा कि ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया, इसे समझना जरूरी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नाम सही हो या गलत, उससे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि बड़ी संख्या में युवा इस आंदोलन के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।

अन्ना हजारे ने कहा, “युवा शक्ति राष्ट्र शक्ति होती है। इसलिए सरकार को इन युवाओं की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए। उनकी अनदेखी करने के बजाय उन्हें सही दिशा में प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।”

सरकार ‘कॉकरोच’ से इतनी डर क्यों रही- अभिजीत दीपके

दरअसल, भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत (CJI Suryakant) द्वारा बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई एक टिप्पणी के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम की यह व्यंग्यात्मक मुहिम शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह अभियान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और बड़ी संख्या में युवाओं ने इसका समर्थन करना शुरू कर दिया।

इस मुहिम के संस्थापक अभिजीत दीपके इन दिनों सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने दावा किया था कि पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट्स और वेबसाइट को बंद कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया था कि उनकी वेबसाइट पर 10 लाख ‘कॉकरोच’ (लोग) रजिस्टर हुए थे और 6 लाख ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर हस्ताक्षर भी किया था।

उन्होंने एक पोस्ट में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा था, “सरकार कॉकरोच से इतनी डर क्यों रही है?” महज 7 दिनों के भीतर ही कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फॉलोअर्स का आंकड़ा 18.7 मिलियन (1.87 करोड़) के पार पहुंच गया, जो देश के बड़े राजनीतिक दलों से भी ज्यादा है।

क्या चुनावी मैदान में उतरेगी सीजेपी?

देश भर में अब यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ आने वाले समय में चुनावी राजनीति में भी कदम रखेगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक इंटरव्यू में कहा कि फिलहाल इस बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ कहना मुश्किल है। यह किसी बड़े प्लान के तहत शुरू नहीं की गई थी। अगर वह बयान नहीं आया होता, तो शायद आज यह सब भी नहीं होता।

अभिजीत दीपके ने पार्टी को लेकर लगाए जा रहे फंडिंग के सभी आरोपों को भी खारिज कर दिया। फिलहाल सोशल मीडिया पर यह मुहिम युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय होती जा रही है और राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा खूब हो रही है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें