
Mau News: मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बोझी चौकी के खनतिया गांव में शुक्रवार की रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान भतीजे द्वारा चाचा पर चाकू से किए गए हमले में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामभवन यादव (42) पुत्र शिवनाथ यादव शुक्रवार की रात अपने बड़े भाई विजयभान यादव (50) के साथ घर पर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में पहुंचे चचेरे भाई विजेंद्र यादव ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी बढ़ने पर विजेंद्र यादव ने अपने 15 वर्षीय बेटे को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि किशोर हाथ में चाकू और लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंचा और रामभवन यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से सीने पर कई वार किए गए, साथ ही लाठी से सिर पर भी प्रहार किया गया। हमले में रामभवन यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर झगड़ा शांत कराने पहुंचे उनके बड़े भाई विजयभान यादव पर भी हमला किया गया, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें आईं।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामभवन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि विजयभान यादव की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Published on:
07 Feb 2026 02:04 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
