
Mau Crime: मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पिढवल मोड़ स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफा व्यवसायी जितेंद्र वर्मा को बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर लूट लिया। बदमाश करीब 5 किलोग्राम चांदी, 150 ग्राम सोना और नकदी लेकर फरार हो गए।
कोपागंज नगर पंचायत के चंदनपुरा मोहल्ला निवासी जितेंद्र वर्मा पुत्र राधाकृष्ण की पिढवल मोड़ पर सर्राफा दुकान है। वह रोज़ की तरह शाम को दुकान बंद कर एक साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए चार नकाबपोश बदमाशों ने दो बाइकों पर उनका पीछा किया और कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियाव खाद गोदाम के पास फोरलेन पर उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने तमंचा सटाकर आभूषण से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी रविंद्रनाथ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जबकि सर्विलांस टीम भी बदमाशों की तलाश में जुटी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। घोसी, कोपागंज पुलिस और एसओजी की टीमें संयुक्त रूप से जांच में लगी हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि घोसी और कोपागंज थाने की सीमा पर दो बाइकों से आए चार युवकों ने छीना-झपटी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Published on:
13 Jan 2026 10:36 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
