5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में यहां पुलिस भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा, 3 अभ्यर्थियों पर मामला दर्ज

MP News: नक्सल प्रभावित इलाके में चल रही पुलिस भर्ती में ऐसा फर्जीवाड़ा सामने आया, जिसने पूरे सिस्टम को हिला दिया। फर्जी अंकसूचियों के सहारे वर्दी पहनने की कोशिश पकड़ी गई, जांच में स्कूल से लेकर अभ्यर्थियों तक की पोल खुल गई।

2 min read
Google source verification

मंडला

image

Akash Dewani

Jan 19, 2026

Police Recruitment Scam mandla fake marksheets submitted fir on candidates MP News

Police Recruitment Scam in mandla (फोटो- Patrika.com)

Police Recruitment Scam: नक्सल प्रभावित क्षेत्र मंडला में चलाए गए विशेष सहयोगी दस्ता भर्ती अभियान में फर्जीवाड़ा सामने आया है। गत वर्ष हुई भर्ती प्रक्रिया में तीन अभ्यर्थियों ने फर्जी अंकसूची लगाई थी। जांच के बाद तीनों के खिलाफ मवई थाने में मामला दर्ज किया गया। वहीं फर्जी अंकसूची (Fake Marksheet) जारी करने वाले ग्रेट मदर इंडिया स्कूल के संचालक के खिलाफ भी FIR हुई। एफआईआर दिसंबर में हुई थी। मामले में अभी पड़ताल चल रही है।

पुलिस विभाग द्वारा पिछले तीन साल से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष भर्ती अभियान चलाया गया। गत वर्ष भी यह भर्ती हुई थी। गत वर्ष प्राप्त कुछ आवेदनों में संलग्न दस्तावेजों का मिलान पूर्व में हुई भर्तियों के दौरान जमा दस्तावेजों से किया गया, तब अंकसूची की गड़ीबड़ी सामने आई। (MP News)

सबमिट की फर्जी मार्कशीट

एक अभ्यार्थी ने वर्ष 2023 की भर्ती में शासकीय स्कूल की अंकसूची लगाई। जबकि दूसरी बार उसी अभ्यर्थी ने 90 प्रतिशत अंकों वाली प्राइवेट स्कूल की अंकसूची लगा दी। विसंगतियां मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। एसडीएम बिछिया सोनाली देव के नेतृत्व में जांच समिति का गठन किया गया। समिति ने दस्तावेजों की गहनता से जांच की, जिसमें पाया गया कि मवई स्थित ग्रेट मदर इंडिया स्कूल से जारी की गई कई अंकसूचियां फर्जी हैं।

इनके खिलाफ दर्ज किया गया मामला

जांच में सामने आया कि 2025 की भर्ती प्रक्रिया में तीन अभ्यर्थियों ने इसी स्कूल से जाली मार्कशीट बनवाकर आवेदन किया था। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर मवई थाने में स्कूल संचालक और तीनों अभ्यर्थियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान मिल्कियत दास पड़वार 52 वर्ष, अभिषेक पड़वार 25 वर्ष, जागेश्वर धुर्वे 26 वर्ष और प्रदीप धुर्वे 21 वर्ष के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है। बताया जाता है कि वर्ष 2023 की भर्ती प्रक्रिया में भी कुछ अभ्यर्थियों ने इसी स्कूल की अंकसूची लगाई थी। (MP News)

अभ्यर्थियों की अंकसूचियां फर्जी

विशेष सहयोगी दस्ता भर्ती अभियान कुछ अभ्यर्थियों के फर्जी मार्कशीट लगाए जाने की शिकायत मिली थी। एसडीएम बिछिया द्वारा कराई गई जांच में तीन अभ्यर्थियों की अंकसूचियां फर्जी पाई गईं, जो ग्रेट मदर इंडिया स्कूल मवई से तैयार कराई गई थीं।-शिवकुमार वर्मा, एएसपी मंडला

पुलिस कर रही जांच

मंडला पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इससे जुड़ा कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।- कुलदीप कठल, डीपीसी मंडला