8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब नवाबों के शहर में गोमती की लहरों पर ले सकेंगे क्रूज का आनंद, 300 रुपया रहेगा टिकट

Gomti River Front : नवाबों के शहर लखनऊ की पहचान में जल्द ही एक और पर्यटन आकर्षण जुड़ने जा रहा है। इस क्रूज में एक साथ 200 यात्री आनंद ले सकेंगे।

2 min read
Google source verification

गोमती की लहरों पर चलेगा क्रूज, 300 रुपए होगा किराया, PC- IANS

लखनऊ : नवाबों के शहर लखनऊ की पहचान में जल्द ही एक और पर्यटन आकर्षण जुड़ने जा रहा है। गोमती नदी में अत्याधुनिक टूरिस्ट क्रूज का संचालन शुरू होने जा रहा है, जिसमें एक साथ 200 लोग नदी की सैर का आनंद ले सकेंगे।

वहीं, कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी लाउंज, डिजिटल स्क्रीन और ओपन रेस्टोरेंट जैसी सुविधाओं से लैस यह क्रूज गोमती रिवर फ्रंट को नई पहचान देगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने रविवार को हनुमान सेतु के पास रिवर फ्रंट क्षेत्र में निर्माणाधीन क्रूज परियोजना का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

16 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा क्रूज

उन्होंने निर्देश दिए कि क्रूज का निर्माण कार्य पांच महीने के भीतर पूरा कर संचालन शुरू किया जाए। उपाध्यक्ष ने बताया कि गोमती नदी में टूरिस्ट क्रूज के संचालन के लिए आमंत्रित आरएफपी के माध्यम से कोलकाता की कंपनी मेसर्स बालाजी सेल्स एंड पूर्णिमा इंटरप्राइजेज का चयन किया गया है। कंपनी द्वारा हनुमान सेतु के पास रिवर फ्रंट पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस क्रूज का पूरा व्यय कंपनी स्वयं वहन करेगी।

300 रुपए रहेगा टिकट

इसके बदले कंपनी एलडीए को प्रतिवर्ष 16 लाख रुपये राजस्व के रूप में देगी। प्रथमेश कुमार ने बताया कि क्रूज की लंबाई 45 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। इसका संचालन हनुमान सेतु से गोमती बैराज के बीच किया जाएगा, जिसमें एक चक्कर 30 से 45 मिनट में पूरा होगा। क्रूज के बेसमेंट में आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी लाउंज और डिजिटल स्क्रीन की सुविधा होगी, जबकि ऊपरी हिस्से में ओपन रेस्टोरेंट बनाया जाएगा। क्रूज सैर के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये टिकट प्रस्तावित है, वहीं लंच, डिनर और बुफे जैसी सुविधाओं के लिए अलग से शुल्क लिया जाएगा।

क्रूज पर तैनात रहेंगे 5 क्रू मेंबर

टूरिस्ट क्रूज पर कैप्टन सहित पांच मरीन क्रू-मेंबर्स तैनात रहेंगे। राइड के दौरान पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों को क्रूज की विशेषताओं और संचालन की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से बच्चों को मरीन लाइफ से जुड़ी रोचक जानकारियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए मनोरंजक गतिविधियों की भी व्यवस्था होगी। उपाध्यक्ष ने कहा कि क्रूज का संचालन शुरू होने के बाद यह न केवल लखनऊ के पर्यटन को नई ऊंचाई देगा, बल्कि गोमती रिवर फ्रंट को भी शहर के प्रमुख आकर्षण के रूप में स्थापित करेगा।