Mausam App(Image-Official)
Mausam App: पिछले कुछ सालों में कई स्वदेशी ऐप्स देश में तैयार किये गए हैं। Arattai और Mappls पहले ही देशभर में सुर्खियां बटोर चुकी है। अब Mausam ऐप सुर्खियों में आ गई है। जैसा कि इसके नाम से ही स्पष्ट है, यह मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली एक ऑफिशियल ऐप है, जिसे भारत सरकार ने लॉन्च किया है। Mausam ऐप की सबसे खास बात यह है कि यह यूजर्स को उनके शहर या गांव का रियल टाइम मौसम दिखाती है। इसमें तापमान, हवा की रफ्तार, नमी, सूर्योदय और सूर्यास्त के समय जैसी जरूरी जानकारियां शामिल होती हैं। मौसम में कोई भी बदलाव होते ही यह ऐप तुरंत नोटिफिकेशन के जरिए अपडेट देती है। यानी अगर आपके इलाके में तेज बारिश, तूफान या आंधी की संभावना है, तो यह ऐप आपको पहले से सतर्क कर देती है। इससे आम लोगों को अपने दिनभर के कामों की योजना बनाने में आसानी होती है।
यह ऐप केवल मौजूदा मौसम की स्थिति ही नहीं बताती, बल्कि आने वाले सात दिनों का पूर्वानुमान भी दिखाती है। इसमें यह जानकारी मिलती है कि अगले कुछ दिनों में तापमान कैसा रहेगा, बारिश होगी या नहीं और मौसम सामान्य रहेगा या नहीं। इस फीचर की मदद से लोग अपनी यात्राओं, आयोजनों या अन्य कार्यक्रमों की योजना बेहतर तरीके से बना सकते हैं। इन जानकारियों के पीछे वैज्ञानिकों की मेहनत होती है, जो उपग्रह और रडार से प्राप्त डेटा के आधार पर पूर्वानुमान तैयार करते हैं। इसी वजह से इस ऐप के आंकड़े काफी सटीक माने जाते हैं।
Mausam ऐप का एक और अहम फीचर है “Nowcast”, जो अगले तीन घंटे में होने वाले मौसम के बदलाव का अलर्ट देता है। अगर आपके क्षेत्र में भारी बारिश, ओलावृष्टि, बिजली गिरने या तूफान का खतरा है, तो यह ऐप तुरंत चेतावनी जारी कर देती है। इस सुविधा का सबसे ज्यादा फायदा किसानों और आम यात्रियों को होता है। किसान समय रहते अपनी फसलों की सुरक्षा कर सकते हैं, जबकि शहरों में लोग अपने यात्रा कार्यक्रम में बदलाव कर आने वाले खराब मौसम से बच सकते हैं।
Mausam ऐप में एक और महत्वपूर्ण सुविधा है। जिला स्तर पर मौसम की चेतावनियां जारी करना। ये चेतावनियां तीन रंगों में दी जाती हैं: लाल, जो अत्यधिक गंभीर स्थिति को दर्शाता है; ऑरेंज, जो सतर्क रहने की सलाह देता है; और पीला, जो सावधानी बरतने की चेतावनी देता है। इससे लोगों को यह समझने में मदद मिलती है कि उनके क्षेत्र में आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है और उन्हें किस स्तर की तैयारी करनी चाहिए।
Updated on:
15 Oct 2025 04:08 pm
Published on:
14 Oct 2025 01:17 pm
बड़ी खबरें
View Allटेक्नोलॉजी
ट्रेंडिंग