कोटा, Jun 04, 2026

फाइल फोटो-पत्रिका
UP Youth Aryan Ojha Death Case: कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आर्यन ओझा (17) पुत्र कृपाशंकर ओझा, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आर्यन कोटा में रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (JEE) की तैयारी कर रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। छात्र की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार आर्यन फरवरी माह में ही UP से कोटा आया था और पुराने राजीव गांधी नगर क्षेत्र स्थित एक पीजी में रह रहा था। वह परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था और नियमित रूप से अपनी पढ़ाई कर रहा था। बुधवार रात करीब 10:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक छात्र ने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए MBS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। अधिकारियों के अनुसार परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और इसके बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस छात्र के कमरे की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
वहीं दूसरे मामले में कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में 21 साल की विवाहिता कुसुम बैरवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह श्रीनाथपुरम इलाके में पति संजय सैनी के साथ किराए के मकान में रहती थी। पुलिस के अनुसार संजय 31 मई को भीलवाड़ा गया था। मंगलवार को लौटने पर मकान बंद मिला। अंदर पहुंचने पर कुसुम मृत अवस्था में मिली। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। मृतका के पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Published on: 04 Jun 2026 02:31 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।