कौशाम्बी, May 24, 2026

Pic-Video grab
कौशांबी के नेशनल हाईवे 2 पर एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। बताया जा रहा है कि यहां एक ट्रक पलट गया, जिसमें बकरियां लदी हुई थीं। इस घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ट्रक ड्राइवर और चालक को छोड़कर बकरियां लूटने में व्यस्त हो गए। बताया जा रहा है कि घायल काफी देर तक ट्रक में ही फंसे रहे, लेकिन किसी ने उन्हें बचाने की जहमत नहीं उठाई।
जानकारी के मुताबिक, इटावा से ट्रक में लादकर बकरियां पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही थीं। बताया जा रहा है कि बकरीद से पहले इन बकरियों की डिलीवरी करनी थी। इसी बीच यह ट्रक कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ के पास पहुंचा और रफ्तार अधिक होने के कारण नेशनल हाईवे 2 पर ही पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में दो लोग सवार थे और दुर्घटना होने के बाद वे मदद की गुहार लगा रहे थे।
इसी दौरान आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रक में लदी हुई बकरियों को निकालने लगे, जबकि ट्रक में सवार दो लोग मदद की गुहार लगाते हुए चीख और चिल्ला रहे थे। वहीं इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि लोग घायलों की मदद नहीं कर रहे थे और बकरियां उठाकर अपने-अपने घर जा रहे थे।
वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि ट्रक पलटा हुआ है और उसमें से कुछ लोग बकरियों को निकलते दिख रहे हैं। वहीं, कुछ लोग घायल हुई बकरियों को पीठ पर और हाथ में लेकर अपने-अपने ठिकाने पर जाते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग बकरियों को घसीटते हुए भी वीडियो में साफ तौर पर देखे जा सकते हैं।
नेशनल हाईवे 2 पर दुर्घटना की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दुर्घटना होने के बाद नेशनल हाईवे पर जाम लगने के कारण यातायात को भी सुचारू रूप से पुलिस की मदद से बहाल किया गया है। पुलिस ने बताया है कि मामले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Updated on: 24 May 2026 08:27 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।