
Army Agniveer Recruitment Rally in Katni
कटनी। देशसेवा का जज्बा, वर्दी पहनने का सपना और मातृभूमि के प्रति समर्पण इन भावनाओं के साथ झिंझरी स्थित पुलिस लाइन मैदान एक बार फिर इतिहास का गवाह बनने जा रहा है। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली 13 फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित की जा रही है, जिसमें मध्यप्रदेश के 15 जिलों से आए कुल 5,374 युवा सेना में चयन के लिए अपना दमखम दिखाएंगे। यह रैली न केवल युवाओं के भविष्य का निर्णय करेगी, बल्कि देशभक्ति और अनुशासन की मिसाल भी पेश करेगी।
भर्ती रैली से पहले पुलिस लाइन मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। दौड़ ट्रैक को समतल कर गड्ढों की भराई की गई है, चूने से स्पष्ट लाइनें खींची गई हैं और शारीरिक दक्षता परीक्षण के सभी बिंदु तय मानकों के अनुरूप चिन्हित किए गए हैं। मेडिकल जांच, दस्तावेज सत्यापन और प्रतीक्षा क्षेत्र के लिए अलग-अलग टेंट लगाए गए हैं। आपात स्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड वाहन और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की गई है। अभ्यर्थियों के लिए पेयजल टैंकर, अस्थायी शौचालय, बैठने और छाया की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शिता तीनों हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
इस भर्ती रैली में कटनी के साथ जबलपुर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, मऊगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिलों के युवा शामिल होंगे। भीड़ प्रबंधन और सुचारु प्रक्रिया के लिए जिलावार तिथियां तय की गई हैं। प्रशासन के अनुसार प्रतिदिन औसतन 700 से 800 अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट में भाग लेंगे।
भर्ती कार्यक्रम के तहत 14 फरवरी को सिवनी, बालाघाट और मंडला के 548 अभ्यर्थी मैदान में उतरेंगे। 15 फरवरी को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर और डिंडौरी के 762 युवा आमंत्रित किए गए हैं। 16 फरवरी को रीवा और 17 फरवरी को सतना जिले के अभ्यर्थियों की बारी होगी। 18 से 20 फरवरी तक शेष जिलों के अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे। प्रत्येक अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, सभी आवश्यक दस्तावेज और मोबाइल से लिंक आधार नंबर साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
इस वर्ष भर्ती रैली की एक बड़ी विशेषता 23 फरवरी को आयोजित होने वाली महिला अग्निवीर भर्ती रैली है। इस दिन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की 285 युवतियां एक साथ फिजिकल टेस्ट में हिस्सा लेंगी। ग्रामीण अंचलों से आने वाली युवतियों में भी सेना में करियर बनाने का उत्साह साफ नजर आ रहा है। महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग व्यवस्थाएं की गई हैं महिला मेडिकल स्टाफ, पृथक प्रतीक्षा क्षेत्र और सुरक्षा के विशेष इंतजाम। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से सेना की तस्वीर और मजबूत होगी।
बड़ी संख्या में बाहरी जिलों से युवाओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। एडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि एसडीएम और जिला रोजगार अधिकारी सहायक नोडल की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। भर्ती स्थल के आसपास यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। होमगार्ड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर मार्गदर्शन के लिए विशेष अमला तैनात रहेगा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि बाहरी जिलों से आने वाले युवाओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जाए।
अग्निवीर भर्ती रैली दो शिफ्ट में संचालित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे शुरू होगी, जिसमें दौड़, ऊंचाई, वजन और अन्य शारीरिक मानकों की जांच होगी। जिकल टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों का उसी दिन मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। दूसरी शिफ्ट रात 12 बजे से प्रारंभ होगी, ताकि सभी आमंत्रित अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय मिल सके और प्रक्रिया पर कोई दबाव न पड़े। सेना के अधिकारियों के अनुसार चयन पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित रहेगा।
भर्ती रैली के सफल संचालन के लिए सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित लगभग 200 सैन्यकर्मी कटनी पहुंच चुके हैं। ये अधिकारी और जवान पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। चयन के दौरान अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क और ट्रेड्समैन पदों के लिए अभ्यर्थियों का परीक्षण किया जाएगा।
अग्निवीर भर्ती रैली के चलते अगले 10 दिनों तक कटनी शहर में खासा उत्साह और चहल-पहल रहने की उम्मीद है। झिंझरी और पुलिस लाइन क्षेत्र में चाय-नाश्ते के स्टॉल, अस्थायी दुकानें और आवासीय व्यवस्थाएं सक्रिय हो गई हैं। होटल, लॉज और धर्मशालाओं पर प्रशासन की नजर है, ताकि अधिक किराया वसूली न हो।
इस भर्ती रैली में शामिल हर युवा की आंखों में एक ही सपना है मातृभूमि की रक्षा करना। दौड़ ट्रैक पर पसीना बहाते कदम, अनुशासन में खड़े अभ्यर्थी और भारत माता की जय के उद्घोष यह सब मिलकर देशभक्ति की अनोखी तस्वीर रचते हैं। अग्निवीर भर्ती रैली न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि युवाओं को अनुशासन, साहस और समर्पण के मार्ग पर ले जाने का माध्यम भी है। कटनी की धरती पर अगले कुछ दिन देशसेवा के जज्बे की गूंज सुनाई देगी, जहां हर कदम, हर दौड़ और हर प्रयास भारत की सुरक्षा के संकल्प से जुड़ा होगा।
Published on:
13 Feb 2026 10:13 am
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
