Jagar Dam Overflow: करौली। राजस्थान में इस बार मानसून पूरी तरह मेहरबान है। प्रदेश में भारी बारिश के चलते कई बांध लबालब होकर छलक रहे है। इसी बीच अब करौली जिले से अच्छी खबर सामने आई है। जिले का दूसरा सबसे बड़ा बांध 28 साल बाद लबालब हो गया। हिंडौन क्षेत्र के जगर बांध पर चादर चलते ही किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
30 फीट भराव क्षमता वाला जगर बांध इससे पहले साल 1997 में लबालब हुआ था। उस समय बांध की भराव क्षमता 26 फीट 8 इंच थी। वर्ष 2003 में बांध की ऊंचाई बढ़ाकर भराव क्षमता 30 फीट की गई थी। इसके बाद पहली बार जगर बांध लबालब हुआ है।
हिंडौन सिटी के जगर बांध पर देर रात चादर चलना शुरू हुआ। बांध के लबालब होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। लोग ओवरफ्लो हुए बांध को देखने के लिए पहुंच रहे है। वहीं, हिंडौन के उपखंड अधिकारी हेमराज गुर्जर ने लोगों से बांध क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात किए है।
28 साल बाद बांध के ओवरफ्लो होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बांध से 26 गांवों की करीब 5900 बीघा भूमि सिंचित होती है। ग्रामीणों ने बताया कि हर साल दो साल में बांध पर चादर चलती थी। लेकिन, 1998 के बाद यह पहला मौका है, जब बांध ओवरफ्लो हुआ है।
वर्ष | बारिश (मिमी) | गेज (फीट) |
---|---|---|
1990 | 660 | 26.3 |
1992 | 780 | 28.7 |
1994 | 851 | 27.9 |
1995 | 923 | 28.5 |
1998 | 1117 | 28.5 |
2012 | 987 | 21.4 |
2016 | 777 | 26.4 |
2024 | 1219 | 28.4 |
2025 | 698 | 30 फीट |
जलसंसाधन विभाग के कनिष्ठ अभियंता उम्मेद सिंह ने बताया कि जगर बांध का निर्माण साल 1957 हुआ था, तब बांध की भराव क्षमता 24 फीट थी। साल 1981 में बांध की भराव क्षमता बढ़ाकर 26.8 इंच की गई थी। इसके बाद साल 2003 में बांध की गेज 30 फीट किया गया था।
संबंधित विषय:
Updated on:
04 Sept 2025 12:26 pm
Published on:
01 Sept 2025 12:25 pm