
10 विशेष टीमें अवैध मांस तस्करी की जांच में जुटी Source- X
Kanpur News: कानपुर में एक मंदिर के पास बड़े पैमाने पर गोवंश पशुओं के अवशेष मिलने से हंगामा मच गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठन और विश्व हिंदू परिषद् ने विरोध शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि ये अवशेष गोवंश के हैं। उन्होंने कहा कि पहले थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया। वीडियो में भारी मात्रा में पशु अवशेष दिखाए गए, जिसने इलाके में तनाव पैदा कर दिया।
इस मामले में स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए मौके पर संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार और एडीसीपी कपिल देव सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मामले की गंभीरता देखते हुए त्वरित कदम उठाए। लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को तुरंत निलंबित कर दिया गया। निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रभारी निरीक्षक बिल्हौर अशोक कुमार सरोज, चौकी इंचार्ज प्रेमवीर, हल्का इंचार्ज आफताब आलम और हेड कांस्टेबल दिलीप गंगवार शामिल हैं।
मुख्य आरोपी रहमान कुरैशी की फैक्ट्री और प्रॉपर्टी को भी तुरंत सील कर दिया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए 10 विशेष टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें कानपुर और आसपास के जिलों में छापेमारी कर रही हैं। अगर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो उसकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जॉइंट कमिश्नर पुलिस आशुतोष कुमार के नेतृत्व में डीसीपी, एडीशनल डीसीपी और चार एसीपी स्तर के अधिकारी लगातार छापेमारी अभियान चला रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर अवशेषों के सैंपल एकत्र किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधित मांस तस्करी और अवैध कटाई से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि इलाके में ऐसी अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस घटना ने कानपुर में अवैध मांस व्यापार के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की सजगता की जरूरत को स्पष्ट कर दिया है।
Published on:
13 Jan 2026 12:32 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
