29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर, May 22, 2026

Rajasthan Rail Network: राजस्थान को एक साथ मिली तीन ट्रेनों की सौगात, जोधपुर-जालोर-जैसलमेर को मिला बड़ा तोहफा

Vande Bharat Express: जोधपुर में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ किया। वंदे भारत विस्तार और नई सुविधाओं से पश्चिमी राजस्थान के रेल नेटवर्क को नई रफ्तार मिली है।

Rajasthan new train news

उद्घाटन करते रेल मंत्री। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

जोधपुर। जोधपुर में शुक्रवार को रेलवे विकास की बड़ी सौगातों का ऐलान हुआ। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक दिवसीय दौरे के दौरान पश्चिमी राजस्थान के रेल नेटवर्क, यात्री सुविधाओं और ट्रेन संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार रहा, जिसे अब 8 की जगह 20 कोच के साथ संचालित किया जाएगा।

यह वीडियो भी देखें

नए कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन

रेल मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर बने नए कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब जैसलमेर में ही ट्रेनों की सफाई और रखरखाव का आधुनिक इंतजाम उपलब्ध हो सकेगा।

ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

इससे रेलवे संचालन को गति मिलने के साथ पर्यटन नगरी जैसलमेर को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। इसी दौरान साबरमती-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को जैसलमेर तक बढ़ाने की घोषणा भी की गई। ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इससे जैसलमेर का गुजरात से सीधा रेल संपर्क और मजबूत होगा।

वेटिंग की समस्या से काफी राहत मिलेगी

जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस में अब कुल 20 कोच लगाए गए हैं। इनमें 78 सीट क्षमता वाले 16 डिब्बे, 44 सीट क्षमता वाले 2 डिब्बे और 52 सीट क्षमता वाले 2 डिब्बे शामिल हैं। ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 530 से बढ़कर 1440 हो गई है। रेलवे का मानना है कि इससे दिल्ली रूट पर यात्रियों को वेटिंग की समस्या से काफी राहत मिलेगी। भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से मेगा कोचिंग टर्मिनल विकसित करने की घोषणा भी हुई। साथ ही यहां देश के पहले वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मेंटेनेंस डिपो के फेज-2 को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना में अत्याधुनिक ट्रेनिंग सेंटर भी तैयार किया जाएगा।

लोगों में उत्साह नजर आया

इस ट्रेन के उद्घाटन फेरे को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। इस दौरान केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, विधायक अतुल भंसाली, देवेंद्र जोशी, पब्बाराम बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे। वहीं उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के महाप्रबंधक अमिताभ जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी सहित रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। ट्रेन का नियमित संचालन रविवार से होगा। रेल मंत्री ने जोधपुर-लूणी-मारवाड़ जंक्शन रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा करने का ऐलान भी किया। बाद में वे विशेष ट्रेन से जालोर पहुंचे, जहां नई भुज-दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें