
नहरी क्षेत्र की अवाय वितरिका एडब्ल्यूडी माइनर में शुक्रवार रात कुछ किसानों ने रेत से भरे कट्टे और पत्थर डालकर सिंचाई का पानी अवैध रूप से रोक लिया। इससे माइनर के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच सका और टेल के किसानों की बारी प्रभावित हो गई। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में किसान माइनर के मूड़ पर पहुंचे। वहां रेत के कट्टे डालकर पानी रोके जाने की पुष्टि हुई। अवैध थल लगाने से पानी माइनर के ऊपर से बह रहा था और संरचना टूटने की स्थिति में पहुंच गई थी। किसानों ने सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कनिष्ठ अभियंता गौरव मीना ने किसानों की सहायता से अवैध अवरोध हटवाकर पानी का प्रवाह आगे के लिए सुचारु कराया।
किसानों ने आरोप लगाया कि रात के समय पेट्रोलिंग नियमित नहीं होने से पानी चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे अंतिम छोर पर बैठे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कनिष्ठ अभियंता ने अवैध रूप से पानी चोरी करने वाले किसानों के खिलाफ नाचना थाने में एफआइआर दर्ज करवाई। अधिशासी अभियंता रामपाल चौधरी ने बताया कि सिंचाई के पानी की अवैध चोरी रोकने के लिए दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आगे माइनर पर रात्रिकालीन पेट्रोलिंग नियमित की जाएगी, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।
Published on:
14 Feb 2026 09:10 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
